May 4, 2024

सपा (लकी)व निर्दल (धनंजय) समर्थकों में मारपीट

1 min read
Spread the love

जौनपुर (बक्शा): बक्शा क्षेत्र के कोहड़े सुल्तानपुर गांव में शनिवार को दूसरे दिन भी सपा कार्यकर्ताओं व निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह के समर्थकों के बीच लाठी-डंडे से मारपीट हुई। लोगों ने एक दूसरे पर ईट पत्थर चलाए। मारपीट में एक पक्ष के चार लोग घायल हो गए। सूचना पर एसपी व अन्य पुलिस अधिकारी भारी संख्या में सुरक्षा बलों के साथ पहुंच गए। पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।

ग्राम प्रधान जगदीश निषाद ने बताया कि 15 वर्षीय पुत्री गुड़िया सुबह स्कूल जा रही थी। रास्ते में बस्ती के कुछ सपा कार्यकर्ताओं ने रोककर बस्ती से होकर जाने पर ऐतराज करते हुए उससे गाली-गलौज की। बात दूसरी बस्ती में पहुंची तो दर्जनों युवक आमने सामने हो गए। दोनो तरफ से हुई मारपीट के दौरान सपा कार्यकर्ताओं के हमले में श्याम बहादुर निषाद, प्रदीप निषाद, सतनू निषाद व एक अन्य युवक घायल हो गए। घटना की जानकारी थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह को दी गयी। को हुई तो मुख्यालय सूचना देते हुए मयफोर्स रवाना हो गए। खबर मिलते ही एसपी राज करन नैय्यर, एएसपी ग्रामीण त्रिभुवन सिंह, सीओ सदर जितेंद्र दुबे सहित कई थानों की फोर्स पुलिस व पीएसी के जवानों के साथ गांव में पहुंच गयी।आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी रही।

शुक्रवार को भी दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडा चला था। एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। थाना पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए धनंजय सिंह के समर्थकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना देकर नारेबाजी भी की थी। बर्चस्व की लड़ाई को देखते हुए मौके पर पीएसी व पुलिस के जवानों ने कैम्प कर दिया है। मौके पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दोनों पक्षों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छह लोग गिरफ्तार

नौपेड़वा। बक्शा पुलिस ने शुक्रवार को कोहड़े सुल्तानपुर गांव में सपा एवं धनंजय समर्थकों के बीच हुए विवाद में दोनो पक्षों के कुल छः लोगों को गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मारपीट एवं बलवा का मुकदमा दर्ज कराया है। सपा समर्थक आकाश यादव, बन्दीप यादव, धर्मेन्द्र यादव एवं धनन्जय सिंह समर्थक मनीष निषाद, आदर्श निषाद एवं अमरजीत निषाद को गिरप्तार कर शनिवार की शाम चालान न्यायालय भेज दिया गया।

घायल प्रदीप को किया गया रेफर

नौपेड़वा। बक्शा पुलिस ने मारपीट में घायल एक पक्ष के प्रदीप निषाद एवं श्याम बहादुर निषाद का मेडिकल मुआयना कराया। बक्शा नौपेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने प्रदीप की चोट को देखते हुए बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। उधर, दूसरे घायल श्यामबहादुर की तहरीर पर पुलिस ने गांव निवासी दिलीप यादव, सोनू यादव, वीरू यादव, पिंटू यादव, सुनील यादव एवं शैलेश यादव के खिलाफ नामजद तहरीर दी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.