चित्रकूट दीपावली अमावस्या मेला की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
1 min read
6 से 10 नवंबर तक चलेगा पांच दिवसीय मेला
सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं पर रहेगा फोकस
चित्रकूट – – प्रसिद्ध धार्मिक एवं तीर्थस्थल चित्रकूट में दीपावली अमावस्या के अवसर पर 6 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक पांच दिवसीय मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में देश के विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा मेला क्षेत्र में आवश्यक नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी एवं सहयोगी अधिकारी के रूप में दायित्व सौंपे गए हैं।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सतना डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा जारी आदेश के अनुसार मेला आयोजन के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूरा करने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। मेले में कानून व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक सतना हंसराज सिंह को सौंपी गई है। उनके सहयोग के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, यातायात प्रभारी एवं थाना प्रभारियों को लगाया जाएगा। संपूर्ण मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ यातायात का व्यवस्थित संचालन किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। इसी प्रकार वन मंडलाधिकारी सतना मयंक चांदीवाल को वन क्षेत्र में स्थित सभी दर्शनीय स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दायित्व दिया गया है। इसके लिए संबंधित वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहायता ली जाएगी। नगर निगम सतना के आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा को नगर परिषद चित्रकूट के लिए छह फायर ब्रिगेड वाहन कर्मचारियों सहित उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चलित शौचालय और कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जाएगा। सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सपना त्रिपाठी को मेला परिसर में स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। उनके माध्यम से 30 पानी के टैंकर, प्रत्येक में 10 टोटियों की व्यवस्था सहित, कर्मचारियों के साथ उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सफाई कार्य के लिए 30 कचरा वाहन सफाई सामग्री एवं चालक सहित उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। आवश्यकतानुसार चलित शौचालय, फायर ब्रिगेड तथा पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। मेला परिसर में सफाई कार्यों के लिए जेसीबी मशीनों की उपलब्धता, अस्थायी कार्यालय की स्थापना तथा संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्मार्ट सिटी डॉ. नागार्जुन बी. गौडा तथा स्मार्ट सिटी सतना एवं ई-गवर्नेंस से जुड़े अधिकारियों को मेला प्रबंधन के लिए इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अंतर्गत ड्रोन की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों तथा एलईडी स्क्रीन से प्राप्त इनपुट को एकीकृत करने और मेला परिसर में लगाए गए उपकरणों के माध्यम से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। निगरानी के लिए एक बड़ा ड्रोन तैनात किया जाएगा। कंट्रोल रूम में तकनीकी संसाधनों के संचालन, डेटा उपलब्ध कराने तथा विभिन्न व्यवस्थाओं पर निगरानी रखने के लिए संबंधित अधिकारियों और ऑपरेटरों की तैनाती की जाएगी। इसका उद्देश्य मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं की निगरानी एवं आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागों के बीच समन्वय को बेहतर बनाना है। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री पंकज खरादी को मेला परिसर एवं पार्किंग स्थलों पर आवश्यक लेबलिंग का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने की जिम्मेदारी दी गई है। पीपा पुल का निर्माण समय पर पूरा कराने तथा मोहकमगढ़ तिराहे पर सड़क मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। मेला प्रबंधन के लिए 800 बैरीकेट, तीन वाहन और 60 मजदूर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त पांच स्थानों पर ड्रॉप गेट तैयार किए जाएंगे, ताकि वाहनों एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित किया जा सके।
महाप्रबंध्क जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र सतना को श्रद्धालुओं को मार्गों की जानकारी देने के लिए लगभग 10 फीट ऊंचाई वाले 50 साइनेज बोर्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें नारियल फोड़ने के निर्धारित स्थान, परिक्रमा मार्ग तथा मेला परिसर के अन्य प्रमुख मार्गों की जानकारी अंकित रहेगी। परिक्रमा मार्ग और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर संकेतक बोर्ड लगाए जाने से श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला को मेला क्षेत्र के लिए एम्बुलेंस उपलब्ध कराने तथा सभी मेला कंट्रोल रूम में मेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने का दायित्व दिया गया है। इससे आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। जिला खाद्य एवं औषधि अधिकारी को चित्रकूट नगर परिषद क्षेत्र में संचालित होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। मेला अवधि में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर निगरानी रखी जाएगी। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रवि बरेलिया को चित्रकूट नगर परिषद क्षेत्र में संचालित ऑटो एवं ई-रिक्शा का किराया निर्धारित कर वाहनों पर चस्पा कराने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही यात्री वाहनों की निगरानी, वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र और बीमा की सघन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। अधीक्षण यंत्री विद्युत विभाग सतना श्री प्रशांत सिंह को चित्रकूट मेला क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। मेला क्षेत्र, प्रमुख धार्मिक स्थलों और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था सुचारु रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ग्रामोदय विश्वविद्यालय चित्रकूट के रजिस्ट्रार को विश्वविद्यालय एवं कॉलेज प्रबंधन से जुड़े एनसीसी, स्काउट तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों को टीम के साथ खोया-पाया केंद्रों पर तैनात कराने का दायित्व दिया गया है। इसके अतिरिक्त सभी घाटों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग टीमें आवश्यक सामग्री सहित तैनात कराई जाएंगी। इससे श्रद्धालुओं को सहायता उपलब्ध कराने और घाटों पर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार सतना जिले के समस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को नगर परिषद चित्रकूट के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक संबंधित नगरीय निकाय से 15-15 सफाई कर्मचारी उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक निकाय को एक-एक कचरा वाहन अथवा कचरा ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक सहित उपलब्ध कराने के निर्देश हैं। इस दौरान कोठी, जैतवारा और रामपुर बाघेलान के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को एक-एक फायर ब्रिगेड वाहन नगर परिषद चित्रकूट को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी दी गई है। मेला ड्यूटी में नियुक्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सफाईकर्मियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। संपूर्ण मेले के नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर एवं अपर जिला मजिस्ट्रेट विकास सिंह तथा सहायक नोडल अधिकारी अनुविभागीय अधिकारी एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी मझगवां महिपाल सिंह गुर्जर होंगे।
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
