धर्मनगरी चित्रकूट में जगह-जगह कचरे के ढेर, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
1 min read
कामतानाथ परिक्रमा मार्ग से भरत घाट तक फैली गंदगी, मंदाकिनी नदी के किनारे कचरा डंप होने से श्रद्धालु परेशान
चित्रकूट – धर्मनगरी चित्रकूट में जगह-जगह लगे कचरे के ढेर नगर परिषद की स्वच्छता व्यवस्था की हकीकत बयां कर रहे हैं। कामतानाथ परिक्रमा मार्ग से लेकर भरत घाट और जानकीकुंड गेट तक फैली गंदगी से श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नगर परिषद की सफाई व्यवस्था और स्वच्छता अभियान पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कामतानाथ परिक्रमा मार्ग पर जगह-जगह कचरा फैला होने और उसके ढेर लगे होने के कारण श्रद्धालुओं को गंदगी के बीच से गुजरकर परिक्रमा करनी पड़ रही है। वहीं, भरत घाट पर मंदाकिनी नदी के किनारे कचरा डंप किए जाने से श्रद्धाल परेशान है। घाट परिसर में भी गंदगी पसरी हुई है। इसके अलावा जानकीकुंड गेट के सामने और पंजाबी भगवान के पास भी कचरा डंप होने से आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है।
नगर परिषद की सफाई व्यवस्था को लेकर एक और सवाल यह है कि प्रमुख धार्मिक स्थलों और मार्गों पर पर्याप्त डस्टबिन नजर नहीं आते। इससे कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर फैली गंदगी से स्थानीय लोगों के साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी असुविधा हो रही है।
विडंबना यह है कि स्वच्छता के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद धर्मनगरी के प्रमुख स्थलों पर गंदगी दिखाई दे रही है। ऐसे में नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
अब सवाल यह है कि स्वच्छता अभियान के नाम पर खर्च होने वाली राशि का जमीनी स्तर पर कितना असर दिखाई दे रहा है? क्या नगर परिषद प्रमुख धार्मिक स्थलों की नियमित सफाई, कचरे के उचित निस्तारण और पर्याप्त डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी, ताकि चित्रकूट आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके?
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
