रोटावेटर की चपेट में आने से 8 वर्षीय बालक की मौत, परिजनों का प्रदर्शन
1 min read
आक्रोशित परिजनों ने शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन, आरोपी की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग
जौनपुर – उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बादशाहपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव में ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर की चपेट में आने से आठ वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बालक का सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि एक हाथ का पंजा और पैर भी कट गया। घटना के बाद गांव में मातम छा गया और आक्रोशित परिजनों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बालक खेलते-खेलते खेत में पहुंच गया था। बताया जा रहा है कि वह ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था, तभी उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक बालक के शव को निकालकर खेत में छोड़कर फरार हो गया। करीब आधे घंटे बाद वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने शव देखकर परिजनों को सूचना दी। बेटे का शव देखकर माता-पिता बेसुध हो गए।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने मांग की कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी, मुआवजे और आवास उपलब्ध कराने का आश्वासन नहीं मिलता, तब तक बालक का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
सूचना मिलने पर सीओ मछलीशहर परमानंद कुशवाहा चार थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी समझाइश के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल घटना के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों की मांगों और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर प्रशासन की ओर से आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
अमरजीत सिटी रिपोर्टर भारत विमर्श जौनपुर उत्तर प्रदेश।
