अवैध रूप से मादक पदार्थो की बिक्री और भण्डारण पर प्रभावी कार्यवाही करें
1 min read
राज्यमंत्री ने ली पुलिस और आबकारी अधिकारियों की बैठक
सतना – नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने जिले के आबकारी अधिकारियों और संबंधित थानों के टीआई तथा पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर रैगांव विधानसभा क्षेत्र सहित जिले में अवैध रूप से मादक पदार्थो की बिक्री, भण्डारण, परिवहन पर की गई कार्यवाहियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लाइसेंसी मदिरा दुकानों में रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाये तथा अधिक कीमत पर मदिरा बिक्री करने वाले दुकानदारों के विरूद्ध कार्यवाही करें। इस मौके पर एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, एसडीएम रघुराजनगर एलआर जांगडे, सीएसपी मनीष त्रिपाठी, एसडीओपी नागौद रघुकेशरी, जिला आबकारी अधिकारी एसके उराव सहित सभी वृत्त के सहायक आबकारी अधिकारी, थाना प्रभारी कोठी एसके तिवारी, थाना प्रभारी कोलगवां संदीप सोनी, सिविल लाइन प्रीति विश्वकर्मा, थाना प्रभारी रैगांव, सिंहपुर, नागौद, पुलिस चौकी प्रभारी बाबूपुर भी उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने विभिन्न थानों में आबकारी एक्ट के तहत दर्ज प्रकरणों और की गई कार्यवाहियों की जानकारी ली। थानों में जनवरी 2026 से अब तक दर्ज आबकारी प्रकरणों की जानकारी में बताया गया कि थाना कोठी में 93, रैगांव में 25, सिंहपुर में 52, नागौद में 233, सिविल लाइन में 173, सिटी कोतवाली में 217, कोलगवां में 400 (बाबूपुर चौकी सहित) प्रकरण आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किये गये है। सहायक आयुक्त आबकारी एस.के. उराव ने बताया कि रैगांव क्षेत्र में लाइसेंसी मदिरा की कुल 11 दुकानें संचालित है। आबकारी दस्ते और पुलिस अधिकारियों द्वारा निरीक्षण भ्रमण के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रूप से मदिरा के विक्रय परिवहन और भण्डारण पर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। राज्यमंत्री ने कहा कि विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रूप से मादक पदार्थो की बिक्री की रोकथाम के प्रभावी प्रयास किये जाये। अगले 15 दिनों में पुनः बैठक में समीक्षा की जायेगी।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश ।
