December 14, 2025

महागठबंधन में शामिल हुए उपेंद्र कुशवाहा, विपक्ष ने किया स्वागत

जनहित की आवाज पर महागठबंधन में शामिल हुआ : उपेंद्र कुशवाहा

नई दिल्ली : रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने राजग से सारे नाते तोड़कर आज महागठबंधन का दामन थाम लिया। आज नई दिल्ली में कांग्रेस द्वारा बुलाई गई बिहार के दलों के साथ महागठबंधन की बैठक में उपेंद्र कुशवाहा ने महागठबंधन का दामन थाम कर राजग सरकार के खिलाफ बिगुल फुंक दिया। कांग्रेस दफ्तर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने इस मौके पर प्रेस वार्ता के दौरान उपेंद्र कुशवाहा के महागठबंधन में शामिल होने की घोषणा की। आपको बताते चलें कि पिछले कुछ महीनों से राजग में खटपट होने और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात नहीं हो पाने के कारण रालोसपा अध्यक्ष ने हफ्ते भर पूर्व राजग को अलविदा कह दिया था।

इस मौके पर उपेंद्र कुशवाहा ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि, ‘ जनहित की आवाज पर आज यूपीए महागठबंधन में शामिल हुआ। कांग्रेस ने किसानों से कर्जमाफी का वादा पूरा किया। राजग के साथ रहकर मैंने भी कोशिश की थी, मगर मेरी ताकत कमजोर करने की कोशिश की गई। नीतीश जी ने हमारी पार्टी तोडने की काफी कोशिश की। कुशवाहा ने आगे कहा कि, बिहार में पढ़ाई, कमाई और दवाई की व्यवस्था हो इसके लिए संघर्ष करते रह हैं और आगे भी करते रहेंगे। कुशवाहा ने इस मौके पर विश्वास जताया कि, ‘यूपीए की सरकार में बिहार में पढ़ाई, कमाई और दवाई की व्यवस्था होगी।’

बिहार विपक्ष के तमाम दलों ने इसका स्वागत किया है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि, बीजेपी अपने सहयोगियों के साथ तानाशाही रवैया अपनाती है। उपेंद्र कुशवाहा का महागठबंधन में स्वागत है, ये दलों का नहीं बल्कि जनता के दिलों का गठबंधन है।’ इस मौके पर हम पार्टी के अध्यक्ष जीतन राम मांझी, लोजद नेता शरद यादव, बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा आदि नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *