June 29, 2026

शादी समारोह में आई 6 वर्षीय मासूम का शव झाड़ियों में मिला, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

1 min read
शादी समारोह में आई 6 वर्षीय मासूम का शव झाड़ियों में मिला, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
Spread the love

जौनपुर –  जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी समारोह में शामिल होने अपनी नानी के घर आई 6 वर्षीय मासूम बच्ची का शव सोमवार को झाड़ियों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बच्ची बारात आने के बाद चल रहे द्वारचार कार्यक्रम के दौरान अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार को गांव के पास झाड़ियों में बच्ची का शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही जफराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर पुलिस दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका के एंगल से भी जांच कर रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।


इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

अमरजीत सिटी रिपोर्टर भारत विमर्श जौनपुर उत्तर प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *