पांच दिवसीय चित्रकूट दीपावली मेले में 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं ने किये दर्शन और दीपदान
1 min read
चित्रकूट दीपावली मेला का सफल आयोजन करने वाली सतना टीम का कलेक्टर ने जताया आभार
अधिकारियों-कर्मचारियों को किया प्रोत्साहित
चित्रकूट – धन तेरस से प्रारंभ चित्रकूट के पांच दिवसीय दीपावली मेला भाई दूज को सफलता पूर्वक संपन्न हो गया। पांच दिवसीय दीपावली मेला में देश-देशांतर से लगभग 25 से 30 लाख श्रृद्धालु चित्रकूट पहुंचे। श्रद्धालुओं ने धार्मिक नगरी चित्रकूट में भगवान कामतानाथ स्वामी के दर्शन कर प्रदक्षिणा की। श्रद्धालुओं ने मां मंदाकिनी नदी के भरत घाट, राघव प्रयाग घाट, पंचवटी घाट सहित विभिन्न घाट पर स्नान किया और दीपदान किया। चित्रकूट दीपावली मेला के लिए कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस और पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह के निर्देशन में सतना टीम के अधिकारियों-कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, सुरक्षा,जनसुविधाओं की उपलब्धता एवं स्वच्छता, पेयजल के चाक-चौबंद प्रबंध किए गए थे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी दीपावली मेला पर चित्रकूट पहुंचे। उन्होंने पंचवटी घाट पर दीपदान किया और कामतानाथ स्वामी प्राचीन मुखार बिंद के दर्शन कर पूजा अर्चना भी की। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में दो-तीन महीने पहले आई भयानक बाढ़ में क्षति ग्रस्त हुए हनुमान धारा रोड के बड़े पुल का विकल्प बाबा घाट में पीपा पुल तैयार कर लेने पर जिला प्रशासन की तत्परता की सराहना भी की। चित्रकूट में आकर्षक सजावट, साफ़ सफाई ,जन सुविधाओं की बेहतर व्यवस्थाओं की श्रद्धालुओं ने प्रशंसा की। कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस और पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, सीईओ जिला पंचायत सपना त्रिपाठी, अपर कलेक्टर विकास सिंह, आयुक्त बी नागार्जुन गौड़ा सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने 5 दोनों से चौबीस घंटे चित्रकूट में उपस्थित रहकर मेला व्यवस्थाओं की कमान संभाली।
चित्रकूट में आयोजित पांच दिवसीय दीपावली मेला का सफलतापूर्वक एवं निर्विघ्न समापन होने पर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. सतीश कुमार एस तथा पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने मेला ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। मंगलवार की शाम चित्रकूट विकास प्राधिकरण कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि चित्रकूट दीपावली मेला का पांच दिवसीय आयोजन सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और मैदानी अमले के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं बेहतर समन्वय से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। मेले में लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, सुगम आवागमन, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने में पूरी सतना टीम ने सराहनीय कार्य किया है।
कलेक्टर ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और तत्परता से निर्वहन किया। उन्होंने मेले को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में योगदान देने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह सफलता पूरी टीम की मेहनत और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इस अवसर पर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कामतानाथ स्वामी मंदिर के प्राचीन मुखारबिंद क्षेत्र में पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मुलाकात की। उन्होंने सभी का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्यों की सराहना की और सामूहिक ग्रुप फोटो भी खिंचवाई।
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
