कुलिया घाट पर सात्विक रसोई का निर्माण जारी, तीर्थयात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
1 min read
चित्रकूट – भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट को अधिक भव्य एवं सुविधायुक्त बनाने की दिशा में कुलिया घाट पर सात्विक रसोई का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण कार्य की जानकारी देते हुए ठेकेदार के सहयोगी कृष्ण सिंह ने बताया कि सात्विक रसोई में तीर्थयात्रियों के लिए भोजन एवं जलपान की समुचित व्यवस्था की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
घाट की सुंदरता बढ़ाने के लिए भगवानों की भव्य मूर्तियां भी स्थापित की जाएंगी। कृष्ण सिंह के अनुसार अब तक 25 मूर्तियां पहुंच चुकी हैं, जिन्हें जल्द ही घाट परिसर में स्थापित किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में सुलभ शौचालय का भी निर्माण कराया जाएगा।




स्थानीय लोगों का मानना है कि इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद कुलिया घाट की भव्यता और आकर्षण में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
हालांकि, निर्माण कार्य की कुल लागत, परियोजना की समय-सीमा तथा निर्माण कार्य संस्था से संबंधित जानकारी अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। निर्माण स्थल पर बोर्ड भी नहीं लगाया गया है साथ ही समूचे चित्रकूट में हो रहे निर्माण कार्य का कहीं भी बोर्ड नहीं लगा जिससे आमजन को परियोजना की लागत, अवधि की जानकारी मिल सके।
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
