October 14, 2026

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर नगरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण प्रारंभ

1 min read
जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर नगरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण प्रारंभ
Spread the love

सतना – जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत फरवरी 2027 में प्रस्तावित जनसंख्या गणना की पूर्व तैयारियों को लेकर नगर निगम एवं नगरीय चार्ज स्तर के अधिकारियों के द्वितीय बैच का प्रथम दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित, सुचारू एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा। जनगणना निदेशालय भोपाल से आए अधिकारियों नागेश पाठक एवं उमेश कुशवाहा ने प्रशिक्षण दिया। इस दौरान जनगणना प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं, स्व-गणना पोर्टल, मीडिया प्रचार-प्रसार तथा प्रिंटिंग एवं लॉजिस्टिक्स प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पीई मोबाइल ऐप का लाइव डेमो प्रस्तुत कर अधिकारियों को व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।
प्रशिक्षण में जनगणना से संबंधित विभिन्न अवधारणाओं और प्रश्न क्रमांक 1 से 40 तक की जानकारी दी गई। अधिकारियों को आंकड़ों की शुद्धता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के महत्व से अवगत कराते हुए द्वितीय चरण के दिशा-निर्देशों तथा जनगणना कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों से फीडबैक प्राप्त किया गया तथा उनकी जिज्ञासाओं और प्रश्नों का समाधान किया गया। इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर विकास सिंह, नगर जनगणना अधिकारी सत्यम मिश्रा तथा जनगणना ओआईसी संदीप परस्ते सहित नगर पालिक निगम सतना के सभी जोनल चार्ज जनगणना अधिकारी, नगर परिषदों के चार्ज जनगणना अधिकारी एवं उनके जनगणना लिपिक उपस्थित रहे। इसके अलावा तकनीकी सहायक, जिला जनगणना कार्यालय के सहायक सांख्यिकीय अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, जिला नाजिर मानेन्द्र सिंह परिहार, सहायक ग्रेड-2 कामता शरण चतुर्वेदी तथा जनगणना तकनीकी सहायक रितिक बर्मन, अखिल सिंह बघेल एवं अनुराग सिंह बघेल सहित जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.