मंदाकिनी में मिल रहा सीवर का गंदा पानी, आस्था की नदी के प्रदूषित होने से श्रद्धालु चिंतित
1 min read
कभी स्नान से दूर होती थीं बीमारियां, अब दूषित पानी से संक्रमण का खतरा
चित्रकूट- धर्मनगरी चित्रकूट की जीवनदायिनी मंदाकिनी नदी में सीवर का गंदा पानी मिलने से नदी के प्रदूषित होने का मामला सामने आया है। जिस मंदाकिनी नदी में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित करते हैं, उसी नदी में अब सीवर का दूषित पानी पहुंच रहा है। इससे नदी की स्वच्छता और श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी मंदाकिनी नदी के जल में स्नान करने से बीमारियां दूर होने की मान्यता थी, लेकिन वर्तमान में नदी में सीवर का गंदा पानी मिलने से इसकी पवित्रता और स्वच्छता प्रभावित हो रही है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भरत घाट सहित अन्य घाटों पर स्नान और पूजन-अर्चन करते हैं। ऐसे में दूषित पानी के संपर्क में आने से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।
अब सवाल यह है कि मंदाकिनी को प्रदूषण से बचाने के लिए जिम्मेदार विभाग कब ठोस कदम उठाएंगे? नदी में गिर रहे सीवर के पानी को रोकने और एसटीपी का निर्माण जल्द पूरा कराने की जरूरत है, ताकि चित्रकूट की जीवनदायिनी मंदाकिनी को स्वच्छ रखा जा सके।
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
