November 29, 2026

जिला स्तरीय फसल अवशेष प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न

1 min read
जिला स्तरीय फसल अवशेष प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न
Spread the love

सतना – आईटीसी चौपाल बायो धान केन्द्र हनुमान नगर मझगवां भट्ठा में जिला स्तरीय फसल अवशेष प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान तथा फसल अवशेषों के वैज्ञानिक प्रबंधन के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में जिले के 253 कृषक एवं कृषक महिलाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव श्री अभय महाजन रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत सोहावल की कृषि स्थायी समिति के सभापति राम सिंह, सहायक संचालक कृषि रामसिंह बागरी, कृषि यंत्री मनीष कुमार मिश्रा, इंजी. प्रकाश चन्द्र निगम, इंजी. विष्णु सनोडिया, आदित्य प्रताप सिंह एवं किसान मोर्चा के जिला मंत्री सुनील गौतम उपस्थित रहे। कृषि विज्ञान केन्द्र मझगवां के डॉ. अजय चौरसिया सहित अन्य विशेषज्ञ एवं कृषि विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। डॉ. अजय चौरसिया ने परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली द्वारा मध्यप्रदेश के 16 जिलों में फसल अवशेष प्रबंधन परियोजना संचालित की जा रही है, जिसमें सतना जिला भी शामिल है। मुख्य अतिथि अभय महाजन ने किसानों से पराली नहीं जलाने की अपील करते हुए कहा कि फसल अवशेषों से वर्मी कम्पोस्ट एवं नाडेप कम्पोस्ट तैयार कर मिट्टी में जैविक कार्बन की मात्रा और उर्वरता बढ़ाई जा सकती है। कृषि यंत्री श्री मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में 180 सुपर सीडर एवं 50 स्ट्रा बेलर उपलब्ध हैं, जिनसे अब तक लगभग 15 हजार मीट्रिक टन फसल अवशेषों का संग्रहण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि उन्नत कृषि यंत्रों की खरीदी पर 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान की सुविधा भी उपलब्ध है।
सहायक संचालक कृषि रामसिंह बागरी ने पराली जलाने से मिट्टी के पोषक तत्वों एवं जैविक पदार्थों को होने वाले नुकसान की जानकारी दी। वहीं इंजी. प्रकाश चन्द्र निगम एवं डॉ. अजय चौरसिया ने सुपर सीडर, हैपी सीडर, जीरो टिल सीड ड्रिल, स्ट्रा बेलर सहित आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग तथा फसल अवशेषों से जैविक खाद तैयार करने की तकनीकों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के अंत में कृषक हीरालाल चौधरी के खेत में हार्वेस्टर से कटाई के बाद सुपर सीडर द्वारा गेहूं की बोनी का प्रदर्शन किया गया। साथ ही किसानों को स्ट्रा बेल संग्रहण केन्द्र का भ्रमण भी कराया गया। कार्यक्रम का संचालन पंकज शर्मा ने किया।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.