November 25, 2026

सड़क निर्माण और डिवाइडर लगाने में भारी लापरवाही, हादसे को दे रहे न्योता

1 min read
सड़क निर्माण और डिवाइडर लगाने में भारी लापरवाही, हादसे को दे रहे न्योता
Spread the love

बीच सड़क पर बिना मजबूती से लगाए रखे गए डिवाइडर ब्लॉक

चित्रकूट – मोहकमगढ़ तिराहा से चितरा बॉर्डर स्थित उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश सीमा तक बनाई गई सड़क पर डिवाइडर ब्लॉक लगाने में निर्माण कंपनी की गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। सड़क के बीचों-बीच डिवाइडर ब्लॉकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप जमीन में मजबूती से स्थापित करने के बजाय आनन-फानन में रख दिया गया है।
स्थानीय स्तर पर सामने आई स्थिति के अनुसार, डिवाइडर ब्लॉकों पर स्पष्ट रूप से उन्हें जमीन में कितनी गहराई तक स्थापित किया जाना है, इसके निशान अंकित हैं। इसके बावजूद निर्माण कंपनी द्वारा इन ब्लॉकों को निर्धारित गहराई तक सेट किए बिना ही सड़क के बीच रख दिया गया है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर या अन्य कारणों से डिवाइडर ब्लॉकों के खिसकने अथवा पलटने की आशंका बनी हुई है।
यह मार्ग आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में डिवाइडर ब्लॉकों का असुरक्षित तरीके से लगाया जाना वाहन चालकों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। यदि समय रहते इन्हें मजबूती से स्थापित नहीं किया गया तो कभी भी बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है।
अब सवाल यह उठता है कि क्या संबंधित निर्माण एजेंसी ने सड़क निर्माण और डिवाइडर लगाने के कार्य का गुणवत्ता परीक्षण किया है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच की है? संबंधित विभाग को तत्काल निरीक्षण कर डिवाइडर ब्लॉकों को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार स्थापित कराने की आवश्यकता है, ताकि किसी संभावित हादसे से बचा जा सके।

जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.