July 7, 2026

“SafeClick 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम एवं साइबर जागरूकता मैराथन का आयोजन

1 min read
पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक सतना हंसराज सिंह के मार्गदर्शन में आज दिनांक 07 जुलाई 2026 को जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में
Spread the love

सतना – पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक सतना हंसराज सिंह के मार्गदर्शन में आज दिनांक 07 जुलाई 2026 को जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में “SafeClick 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान व्याख्यान, पंपलेट वितरण, प्रदर्शन, रैली, शपथ ग्रहण एवं सोशल मीडिया के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

अभियान के अंतर्गत कोतवाली, कोलगवां, सिविल लाइन, अजाक, महिला थाना, यातायात, नागौद, उचेहरा, जसो, सिंहपुर, रैगांव, काठी, चित्रकूट, बरौंधा, सभापुर, धारकुण्डी, रामपुर, जैतवारा एवं कोटर थाना क्षेत्रों में स्कूलों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं आमजन को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, OTP एवं UPI धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, साइबर निवेश ठगी तथा सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। अभियान के दौरान लगभग 1,630 नागरिकों को प्रत्यक्ष रूप से जागरूक किया गया।

इसी क्रम में आज शाम 5:00 बजे धवारी स्थित जवाहर स्टेडियम से पुलिस लाइन सतना तक साइबर जागरूकता मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) प्रेमलाल कर्व द्वारा उपस्थित सभी प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की शपथ दिलाई गई। इसके उपरांत मैराथन धवारी स्थित जवाहर स्टेडियम से प्रारंभ होकर पुलिस लाइन सतना तक संपन्न हुई।

कार्यक्रम में सीएसपी सतना दीप सिंह, डीएसपी मुख्यालय, रक्षित निरीक्षक देविका सिंह बघेल, ट्रैफिक डीएसपी, थाना प्रभारी सिविल लाइन, थाना प्रभारी कोतवाली, थाना प्रभारी कोलगवां, महिला थाना प्रभारी, साइबर सेल प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

सतना पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि किसी भी अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी निवेश योजना अथवा OTP/UPI PIN साझा करने से बचें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *