चित्रकूट में काली कंबल वाले बाबा का दरबार, कंबल से इलाज करने का दावा
1 min read
इलाज के लिए उमड़ रही हजारों लोगों की भीड़, दवाइयां भी दी जा रहीं पैसे लेकर
चित्रकूट – धर्मनगरी चित्रकूट में इन दिनों नरसिंहपुर से आए काली कंबल वाले बाबा का दरबार चर्चा का विषय बना हुआ है। बाबा द्वारा काले कंबल के माध्यम से विभिन्न बीमारियों का इलाज करने का दावा किया जा रहा है। बाबा का कहना है कि वह महज चार वर्ष की उम्र से लोगों का इलाज कर रहे हैं और अब तक करोड़ों लोगों को ठीक कर चुके हैं। उनके अनुसार, इलाज के लिए मरीजों को पांच बार दरबार में आना पड़ता है।
बाबा के दरबार में प्रतिदिन सुबह से ही हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। यहां बाबा के साथ करीब 20 लोगों की टीम भी मौजूद है, जो लोगों को शुगर, बीपी, कमजोरी सहित अन्य समस्याओं से संबंधित दवाइयां उपलब्ध करा रही है। इन दवाइयों के लिए लोगों को पैसे देने पड़ रहे हैं।
वहीं, इलाज कराने पहुंचे कुछ लोगों ने बताया कि वे पिछले दो से तीन दिनों से अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे हैं। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं।
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
