निर्माण कार्यो में गति लाकर समय-सीमा में पूर्ण करें कार्य कलेक्टर ने विकास परियोजनाओं का किया निरीक्षण
1 min read
सतना – कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बुधवार को सतना शहर और लगे हुए ग्रामीण क्षेत्रों में विकास परियोजनाओं के निर्माण कार्यो का निरीक्षण किया और कार्य में प्रगति लाकर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिये। इस मौके पर आयुक्त नगर निगम डॉ. नागार्जुन बी. गौडा, एसडीएम राहुल सिलाडिया, एलआर जांगडे, तहसीलदार सौरभ मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्मार्ट सिटी के अधिकारी, कार्यो के निविदाकार भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने जिला अस्पताल सतना के 150 बिस्तरा अस्पताल के निर्माण कार्य, शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में इलेक्ट्रिक पोल की शिफ्टिंग, सतना मेडीकल कॉलेज के निर्माणाधीन 650 बिस्तरा हास्पिटल, श्रमिक विश्राम गृह के निर्माण सहित सतना-मैहर बायपास फोरलेन सडक और सोहावल मोड से जिगनहट मोड तक सतना-मैहर सडक के शेष भाग के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
जिला अस्पताल सतना के निरीक्षण के दौरान बताया गया कि लोक निर्माण पीआईयू द्वारा 32.54 करोड रूपये की लागत से 150 बिस्तरा अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। जिसे मई 2027 तक पूरा कर लिया जायेगा। कलेक्टर ने सिविल सर्जन की मांग के अनुरूप नवनिर्मित हो रहे अस्पताल विंग की कनेक्टिविटी पुराने भवन के जिला अस्पताल से किये जाने के निर्देश दिये। सिविल सर्जन ने बताया कि दोनों हास्पिटल भवन एक-दूसरे से जुडने पर चिकित्सक और पैरा मेडीकल स्टाफ को रोगियों की चिकित्सा करने में आसानी होगी। कलेक्टर और आयुक्त नगर निगम ने शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय का निरीक्षण किया और वहां व्यवस्था तथा साफ-सफाई की बारे में जानकारी ली। महाविद्यालय की प्राचार्य ने बताया कि दो-तीन स्थानों पर कचरा डम्प करते है। यहां से प्रति सप्ताह या काल करने पर नगर निगम की टीम कचरा उठा लेती है।
कलेक्टर ने भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी मेडीकल कॉलेज सतना में 383 करोड 22 लाख रूपये की लागत से लोक निर्माण पीआईयू द्वारा निर्मित किये जा रहे 650 बिस्तरा अस्पताल के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सतना से संबद्ध बन रहे नवीन चिकित्सालय के संबंध में बताया गया कि अस्पताल का निर्माण 82 हजार 968 वर्ग मीटर क्षेत्र में किया जा रहा है। जिसमें बेसमेंट एक और दो भू-तल सहित 7 तल अतिरिक्त होंगे। भवन का निर्माण नवम्बर 2025 में शुरू किया गया है और निर्धारित 24 माह की समयावधि में नवम्बर 2027 तक पूर्ण कर लिया जायेगा। कलेक्टर ने अस्पताल की पार्किंग के लिए भूमि चिन्हांकित करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने मेडीकल कॉलेज के गेट के पास बाहर बन रहे श्रम विभाग के श्रमिक विश्राम गृह के निर्माण का भी निरीक्षण किया। एसडीओ पीआईयू ने बताया कि 100 सीटर विश्राम गृह की इमारत दो मंजिला बनाई जा रही है। जिसमें प्रथम तल में महिला श्रमिकों के लिए 50 सीट और द्वितीय तल में पुरूष श्रमिकों के लिए 50 सीटर विश्राम गृह रहेगा। जिले के श्रमिकों को रूकने, ठहरने और मेडीकल कॉलेज के समीप होने से इलाज के लिए भर्ती होने वाले श्रमिकों के अटेण्डर यहां सुविधाजनक रूप से रह सकेंगे। श्रमिक विश्राम गृह का निर्माण 6 करोड रूपये की लागत से किया जा रहा है। इसके पूर्व कलेक्टर ने सतना-रीवा मुख्य सडक से बायपास तिराहे से मेडीकल कॉलेज की ओर जाने वाले मार्ग के चौडीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने सतना शहर के प्राचीन जगतदेव तालाब का भी निरीक्षण कर नगर निगम द्वारा की जा रही जलकुंभी सफाई कार्य का अवलोकन किया। आयुक्त नगर निगम ने बताया कि जगतदेव तालाब की साफ-सफाई जनसहयोग के माध्यम से की जा रही है। कलेक्टर ने सतना-मैहर फोरलेन बायपास के निर्माण का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाये जाने पर एसडीओ लोक निर्माण और ठेकेदार के प्रति अप्रसन्नता प्रकट की। बाद में कलेक्टर ने मैहर-सतना राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बनाई जा रही सडक के शेष भाग सोहावल मोड से जिगनहट मोड तक के सडक निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य बंद पाये जाने और अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर एनएचएआई और संविदाकार के प्रति नाराजगी प्रकट की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित क्षेत्र के एसडीएम के सम्पर्क में रहकर कार्य में अपेक्षित प्रगति लाये। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक सोमवार को होने वाली टीएल की बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति के संबंध में उपस्थित रहकर जानकारी दे।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
