पत्नी से विवाद के बाद घर में लगाई आग, आरोपी पति गिरफ्तार
1 min read
दो क्विंटल गेहूं, आठ बोरी राई, एक क्विंटल चावल सहित गृहस्थी का सामान जलकर हुआ राख
चित्रकूट – मझगवां थाना क्षेत्र के ग्राम कैलाशपुर में घरेलू विवाद के चलते घर में आग लगाने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने पत्नी से विवाद के बाद कथित तौर पर अपने ही घर में आग लगा दी थी, जिससे घर में रखा अनाज, कपड़े और गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादिया अर्चना विश्वकर्मा (39) ने 15 नवंबर को मझगवां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका पति राममिलन विश्वकर्मा आए दिन उसके साथ मारपीट और विवाद करता था। इस संबंध में उसने 14 नवंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शिकायत करने से नाराज पति ने उसे धमकी दी थी कि यदि वह घर आई तो वह घर में आग लगा देगा।
बताया गया कि 14 नवंबर की रात करीब 10 बजे आरोपी ने अपने बच्चों और मां को घर से बाहर निकालने के बाद कथित तौर पर घर में आग लगा दी। उस समय फरियादिया मझगवां अस्पताल में थी। पड़ोसियों ने फोन पर उसे घर में आग लगने की सूचना दी। पड़ोसियों ने मोटर पंप की मदद से आग पर काबू पाया। घटना में घर में रखा दो क्विंटल गेहूं, आठ बोरी राई, एक क्विंटल चावल, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
फरियादिया की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 326(जी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सतना हंसराज सिंह ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे एवं एसडीओपी चित्रकूट राजेश सिंह बंजारे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मझगवां निरीक्षक आदित्य नारायण सिंह धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 16 नवंबर को आरोपी राममिलन विश्वकर्मा (45), निवासी ग्राम कैलाशपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे केंद्रीय जेल सतना भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका: संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी आदित्य नारायण सिंह धुर्वे के मार्गदर्शन में सहायक उपनिरीक्षक रामकेश सिंह, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्र शुक्ला, दयाराम बैगा, आरक्षक प्रमोद शर्मा, राहुल द्विवेदी, सैनिक जीतेन्द्र सिंह चौहान एवं देवराज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
