सरकार की वादा खिलाफी से अधिवक्ताओं में आक्रोश
1 min read
चित्रकूट – मध्य प्रदेश सरकार की वादा खिलाफी से नाराज होकर धर्म नगरी चित्रकूट के अधिवक्ताओं द्वारा प्रेस कांफ्रेंस करते हुए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया गया है।अधिवक्ताओं द्वारा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला को याद दिलाते हुए आरोप लगाया गया है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री,उप मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रीगण केवल झूठी घोषणाओं का प्रदेश भर ढिढोंरा पीट रहे हैं।सिविल न्यायालय चित्रकूट अधिवक्ता संघ द्वारा शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्यमंत्री,उप मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रियों को चित्रकूट के संबंध में की गई घोषणाओं की याद दिलाते हुए कहा गया कि अतिशीघ्र चित्रकूट को तहसील बनाते हुए एसडीएम कोर्ट की स्थापना,सिविल अस्पताल खोलने और धर्म नगरी चित्रकूट धाम में विकास के नाम पर किए जा रहे व्यापक भ्रष्टाचारों की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाए।
वरिष्ठ अधिवक्ता ने मुख्यमंत्री,उप मुख्यमंत्री को उनके किए गए वादों की दिलाई याद
चित्रकूट के वरिष्ठ अधिवक्ता लवकुश गौतम द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला को उनके वादों को याद दिलाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा लगभग दो वर्ष पूर्व चित्रकूट को तहसील बनाने की घोषणा करते हुए एसडीएम कोर्ट स्थापित करने की बात कही गई थी।इसी के साथ उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला द्वारा अब से लगभग डेढ़ साल पहले चित्रकूट में सिविल अस्पताल खोलने, काऊ सफारी स्थापित करने की घोषणा की थी।इसके अल वा लगभग 15 वर्ष पहले पूर्व राजस्व मंत्री कमल पटेल द्वारा चित्रकूट को तहसील बनाने की घोषणा की गई थी।लेकिन ये सभी घोषणाएं केवल घोषणाएं बनकर रह गई। और आज तक धरातल पर नहीं उतर पाई हैं।
चित्रकूट विकास पर रोड़ा अटकाने वाले जनप्रतिनिधियों का होगा विरोध
वरिष्ठ अधिवक्ता मथुरा पटेल द्वारा चेतावनी देते हुए कहा गया कि चित्रकूट को तहसील बनाने,सिविल अस्पताल खोलने सहित अन्य तमाम विकास कार्यों पर जो भी जनप्रतिनिधि रोड़ा बनने का प्रयास करेंगे,उनका आमजनमानस के सहयोग से कड़ा विरोध किया जाएगा।
झूठी घोषणाओं से ठगा महसूस कर रही है चित्रकूट की जनता।
वरिष्ठ अधिवक्ता रामभजन द्विवेदी द्वारा आरोप लगाते हुए कहा गया कि मुख्यमंत्री,उप मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रियों की झूठी घोषणाओं से चित्रकूट की जनता अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रही है।कांग्रेस शासनकाल में एमपी क्षेत्र के चित्रकूट को जिला बनाने के प्रयास शुरु किए गए थे,लेकिन सरकार गिर जाने के कारण परिणाम सामने नहीं आ पाए।जबकि भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और मंत्रीगण केवल झूठी और थोथी घोषणाएं करके वाहवाही बटोर रहे हैं।एक तरफ यूपी चित्रकूट का क्षेत्र है,जहां विकास कार्यों की गंगा बह रही है,तो वहीं चित्रकूट एमपी क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार की गंगा बहाई जा रही है।

जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश
