April 10, 2026

सशक्त वाहिनी अभियान की 4 बेटियां पुलिस आरक्षक पद पर चयनित

1 min read
सशक्त वाहिनी अभियान की 4 बेटियां पुलिस आरक्षक पद पर चयनित
Spread the love

सतना – कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के निर्देशन में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत सशक्त वाहिनी अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही जिले की 4 बेटियों का मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक पद पर चयन हुआ है। चयनित बेटियों में मारुति नगर की अंकिता दहिया, सतना की स्वाति रवि, खेरिया कोठार (सोनौरा) की ज्योति सिंह और कारीगोही, सतना की पिंकी सिंह शामिल हैं। इनकी सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बन गई है। इन बेटियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। सशक्त वाहिनी अभियान के तहत मिली निःशुल्क कोचिंग ने इनके सपनों को नई दिशा दी और पुलिस सेवा में जाने का मार्ग प्रशस्त किया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग राजीव सिंह ने बताया कि माह अक्टूबर 2017 से मार्च 2026 तक कुल 17 बैंच का आयोजन किया गया। जिसमें नगर निगम क्षेत्र के साथ-साथ जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आई बालिकाओं ने कक्षाओं में शामिल होकर निःशुल्क कोचिंग का लाभ प्राप्त किया। जिसमें अब तक कुल 19 बालिकायें पुलिस विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों में चयनित हो चुकी हैं। जबकि 12 बालिकायें म0प्र0 पुलिस की आरक्षक परीक्षा में उत्तीर्ण कर चयनित होने में सफल हुई है। अब तक चयनित 19 बालिकाओं में से रीना लोधी का आरपीएफ, सोनम वर्मा का सीआरपीएफ, साक्षी पाण्डेय बीएसएफ, नेहा मिश्रा तथा अंदना कुशवाहा का दिल्ली पुलिस, लवली तिवारी जेल प्रहरी, अंशु कुशवाहा आईटीबीपी, नेहा सिंह, शिवानी गुप्ता, महक कुशवाहा, सिंजनी पटेल, संक्रांता सिंह, अंकिता दहिया, स्वाति रवि, ज्योति सिंह तथा पिंकी सिंह का चयन म.प्र. पुलिस में आरक्षक पद पर हुआ है। इसी प्रकार सुधा कुशवाहा का इण्डियन रेल्वे, भावना शुक्ला का पैरामेडिकल स्टाफ तथा समीक्षा सिंह शिक्षा विभाग में चयनित हुई है।


कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और अभियान से जुड़े अधिकारियों ने सभी चयनित बेटियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणादायक है। यह साबित करता है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *