14 अप्रैल तक मनाया जायेगा डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती सप्ताह
1 min read
सतना – डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर जिले में 10 से 14 अप्रैल 2026 तक व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन जिला मुख्यालय, विकासखण्ड, नगरीय निकायों तथा ग्राम पंचायत स्तर तक किया जाएगा। जिसमें विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। 14 अप्रैल को मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय एवं नगरीय निकायों में गरिमामय रूप से आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन तथा उनके जीवन, विचार एवं संविधान निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा। कार्यक्रमों के अंतर्गत 11 अप्रैल को चित्रकला प्रतियोगिता, 12 अप्रैल को भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा 13 अप्रैल को रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 14 अप्रैल को जयंती समारोह के साथ छात्र-छात्राओं के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी तथा मेधावी एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के अंतर्गत जिला एवं उपखण्ड स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक भी आयोजित की जाएगी। ग्राम पंचायत स्तर पर 14 अप्रैल को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन सुनिश्चित किया गया है। सभी कार्यक्रम स्थलों पर छाया, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस ने कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सतना शैलेन्द्र सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाये।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश
