कांस्य पदक जीतकर लौटे रोहित का भव्य स्वागत
1 min read
जौनपुर – एशियन गेम्स में जेवलिन थ्रो में कांस्य पदक जीतकर लौटे मछलीशहर विकासखंड के डभिया गांव निवासी रोहित यादव का शुक्रवार को बंधवा बाजार में क्षेत्रवासियों ने भव्य स्वागत किया। रोहित के बंधवा बाजार पहुंचते ही युवाओं ने उनका स्वागत किया और जुलूस निकाला। तिरंगा हाथ में लिए युवाओं का हुजूम भारत माता की जय के नारे लगाते हुए आगे चल रहा था, जबकि रोहित उनके पीछे लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए चल रहे थे। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
जुलूस बंधवा बाजार से आगे बढ़ा तो डभिया, अदारी, जगदीशपुर, बामी, भटेवरा, कठार, बरांवां और सेमरहो समेत आसपास के गांवों से पहुंचे युवा भी इसमें शामिल होते गए। रोहित की एक झलक पाने और मोबाइल से उनकी तस्वीरें लेने के लिए लोगों में उत्साह नजर आया। जुलूस के दौरान लोगों ने भारत माता की जय और रोहित यादव के समर्थन में नारे लगाए।
इस अवसर पर रोहित के पिता सभाजीत यादव भी बेटे की उपलब्धि पर बेहद खुश नजर आए। क्षेत्रवासियों ने रोहित को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भारत विमर्श जौनपुर उत्तर प्रदेश।
