सतना संभाग में विशेष राखी बुकिंग काउंटर 27 अगस्त तक रहेंगे संचालित
1 min read
सतना – रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर भारतीय डाक विभाग के सतना संभाग द्वारा बहनों की भावनाओं को समय पर उनके प्रियजनों तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। राखियों के त्वरित एवं सुगम प्रेषण को सुनिश्चित करने हेतु सतना संभाग के प्रमुख डाकघरों में विशेष राखी बुकिंग काउंटर प्रारंभ किए गए हैं। अधीक्षक डाकघर सतना संभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रधान डाकघर सतना तथा मुख्य डाकघर पन्ना और मैहर में ये विशेष काउंटर स्थापित किए गए हैं। यह काउंटर 3 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक (रविवार को छोड़कर) प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक लगातार संचालित रहेंगे। त्योहारी सीजन में डाकघरों में बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि ग्राहकों को लंबी कतारों में न खड़ा होना पड़े और उनकी राखियां समय पर सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। डाक विभाग द्वारा अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था, त्वरित पार्सल प्रोसेसिंग एवं बेहतर प्रबंधन के माध्यम से सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। डाक विभाग ने सतना संभाग के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए समय रहते अपनी राखियां भेजें और इस विशेष सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
