August 4, 2026

प्रदेश भर में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा “हर घर तिरंगा” अभियान

1 min read
प्रदेश भर में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा “हर घर तिरंगा” अभियान
Spread the love


जनभागीदारी से मनेगा राष्ट्रभक्ति का उत्सव

सतना – मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने “हर घर तिरंगा” अभियान 2026 के व्यापक एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संभागायुक्तों एवं कलेक्टरों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में यह अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक पूरे प्रदेश में जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाएगा। जारी निर्देशों में कहा गया है कि “हर घर तिरंगा” अभियान को जन-आंदोलन का रूप देते हुए प्रत्येक नागरिक को इससे जोड़ना सुनिश्चित किया जाए। अभियान का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना है।
इस वर्ष अभियान को राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उत्सव के साथ जोड़ा गया है। सभी शासकीय एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में “वंदे मातरम” का सामूहिक गायन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। निर्देशानुसार जहां राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान दोनों प्रस्तुत हों, वहां पहले “वंदे मातरम” और उसके बाद “जन गण मन” का गायन किया जाएगा। इस दौरान सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक सम्मानपूर्वक सावधान मुद्रा में खड़े रहेंगे। अभियान के दौरान प्रदेश भर में तिरंगा रैली, तिरंगा यात्रा, बाइक एवं साइकिल रैली, तिरंगा मेला, तिरंगा कॉन्सर्ट, रंगोली, प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, तिरंगा सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सैन्य बलों एवं पुलिसकर्मियों के सम्मान में पत्र लेखन अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।
नागरिकों को “हर घर तिरंगा” पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अपलोड की गई तस्वीरों पर स्वतः “वंदे मातरम” अंकित होगा। सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि अधिकाधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें। राज्य शासन ने निर्देश दिए हैं कि स्व-सहायता समूहों, खादी संस्थानों तथा उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। ताकि प्रत्येक नागरिक अपने घर, कार्यालय एवं वाहन पर तिरंगा फहरा सके और अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा सके। अभियान के अंतर्गत 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिला एवं संभाग स्तर पर मौन जुलूस, श्रद्धांजलि सभा तथा चित्र प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रमों में विभाजन से प्रभावित परिवारों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएंगे। इन आयोजनों को पूरी गरिमा और संवेदनशीलता के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि जिला, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर तक सभी विभागों, नगरीय निकायों, पंचायत राज संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। स्कूली बच्चों, युवाओं, स्वयंसेवकों एवं अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को अभियान में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। सभी गतिविधियों के वीडियो, छायाचित्र एवं संक्षिप्त विवरण “हर घर तिरंगा” पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। साथ ही संस्कृति मंत्रालय के साथ सूचनाओं का सतत आदान-प्रदान भी सुनिश्चित किया जाएगा। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि “हर घर तिरंगा” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, गौरव और देशभक्ति का प्रतीक जन-आंदोलन है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *