सड़कों पर घूम रहे आवारा पशु, बन सकते हैं दुर्घटनाओं का कारण
1 min read
गौशालाएं होने के बावजूद सड़कों पर पशुओं का जमावड़ा
चित्रकूट- धर्म नगरी चित्रकूट की सड़कों पर इन दिनों आवारा पशुओं का जमावड़ा राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सड़क पर बैठे और घूमते पशुओं के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर रात के समय दोपहिया और छोटे वाहन चालकों के लिए यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।
सड़कों पर घूम रहे पशु आए दिन बड़े वाहनों की चपेट में आकर दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं। वहीं, अचानक सड़क पर सामने आ जाने वाले पशुओं से बचने के प्रयास में दोपहिया वाहन चालक भी दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो सकते हैं।
गौशालाएं होने के बावजूद सड़कों पर पशु क्यों?
चित्रकूट क्षेत्र में गौशालाएं संचालित होने के बावजूद बड़ी संख्या में पशुओं का सड़कों पर घूमना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। सूत्रों के अनुसार गौशालाओं के संचालन के नाम पर सरकारी धन खर्च किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद सड़कों पर पशुओं की समस्या जस की तस बनी हुई है।
वहीं, नगर परिषद में गौसेवा और पशुओं की देखरेख के लिए कर्मचारियों की व्यवस्था होने के बावजूद सड़कों पर घूम रहे पशुओं को गौशालाओं तक पहुंचाने की प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।

हादसा होने के बाद कौन होगा जिम्मेदार?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि सड़क पर घूम रहे आवारा पशु के कारण कोई बड़ा हादसा होता है और किसी व्यक्ति की जान चली जाती है या वह गंभीर रूप से घायल होता है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी?
स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद और संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को तत्काल सुरक्षित रूप से गौशालाओं में पहुंचाया जाए और इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सके।
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
