रोटरी क्लब सतना एवं महिला बाल विकास के संयुक्त तत्वाधान में विश्व स्तनपान जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।
1 min read
सतना – “माँ का दूध अमृत है, इसे कभी पानी न समझें, यही शिशु का पहला और सबसे प्रभावी टीका है।” इसी संदेश के साथ विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत रोटरी क्लब सतना द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग, धवारी में माताओं, गर्भवती महिलाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब सतना के अध्यक्ष रोटे. नितेश बडेरिया, महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रभारी श्री श्याम किशोर द्विवेदी, वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. वी. के. गांधी एवं डॉ. रश्मि अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। परियोजना अधिकारी श्री विद्याचरण द्विवेदी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम का प्रभावी संचालन डॉ. सुनील करखुर ने किया।
मुख्य वक्ता डॉ. वी. के. गांधी ने कहा कि माँ का दूध शिशु के लिए अमृत के समान है। जन्म के बाद के पहले 72 घंटे का गाढ़ा पीला दूध (कोलोस्ट्रम) प्रोटीन, एंटीबॉडी एवं रोग प्रतिरोधक तत्वों से भरपूर होता है, जो शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करता है। उन्होंने बताया कि नियमित स्तनपान से शिशु मृत्यु दर में लगभग 16 प्रतिशत तक कमी लाई जा सकती है। स्तनपान से बच्चे का पाचन तंत्र मजबूत होता है, जबड़े, दांत एवं चेहरे का समुचित विकास होता है तथा शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर स्तनपान को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और समाज को भी इस दिशा में जागरूक होना आवश्यक है।
डॉ. रश्मि अग्रवाल ने कहा कि माँ बनना जीवन का सबसे सुखद अनुभव है। स्वस्थ शिशु के लिए गर्भवती एवं प्रसूता महिलाओं को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा संक्रमण से बचाव पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने उपस्थित माताओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्तनपान से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण एवं व्यवहारिक जानकारियाँ प्रदान कीं।

कार्यक्रम के संचालक डॉ. सुनील करखुर ने कहा कि रोटरी केवल सेवा नहीं करती, बल्कि लोगों के आँसू पोंछकर उनके जीवन में आशा का संचार करती है। उन्होंने कहा कि माँ का मानसिक रूप से प्रसन्न एवं तनावमुक्त रहना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि मानसिक शांति से हार्मोन का संतुलित स्राव होता है और स्तनपान भी बेहतर होता है।
रोटरी क्लब के सचिव राजीव कुमार अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर हरिओम गुप्ता संदीप जैन सुशील शर्मा, राजीव गर्ग,कामिनी बडेरिया, निधि जैन सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता,गर्भवती महिलाएँ एवं माताएँ उपस्थित रहीं।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
