चित्रकूट के कामतानाथ द्वितीय मुखारबिंद से रजौला बाईपास मार्ग पर छाया अंधेरा, हादसे की आशंका
1 min read
सड़क किनारे गहरा नाला बना खतरा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरीकेटिंग और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग
चित्रकूट – भगवान श्रीराम की धर्मनगरी चित्रकूट में दीपावली मेले को लेकर शासन-प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कामतानाथ द्वितीय मुखारबिंद से रजौला बाईपास मार्ग की स्थिति श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है। मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और उड़ती धूल से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं सनकादिक आश्रम के सामने सड़क किनारे बना गहरा नाला दुर्घटना को न्योता दे रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ माह पहले यात्रियों से भरा एक वाहन इसी नाले में गिर गया था। हालांकि उस घटना में सभी यात्री सुरक्षित बच गए थे, लेकिन इसके बावजूद सड़क किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस मार्ग पर एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण रात के समय घना अंधेरा छाया रहता है। ऐसे में दीपावली मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही होने से दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है।
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि नाले के किनारे तत्काल बैरीकेटिंग कराई जाए और पूरे मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगवाई जाए, ताकि दीपावली मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
विवेक मिश्रा, स्थानीय निवासी
यह मार्ग कामतानाथ द्वितीय मुखारबिंद से रजौला बाईपास तक जाता है।दीपावली मेले को देखते हुए इस स्थान पर बैरीकेटिंग कराई जानी चाहिए, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके। साथ ही पूरे मार्ग पर एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है, जिसके कारण रात में अंधेरा छाया रहता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द बैरीकेट और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराई जाए, जिससे मेले के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो।
पुष्पेंद्र कुमार मिश्रा, छात्र
मैं सतना कलेक्टर साहब से अपील करता हूं कि कामतानाथ द्वितीय मुखारबिंद से रजौला बाईपास मार्ग पर जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट लगवाई जाए। इस मार्ग पर सड़क की हालत खराब होने के कारण बहुत धूल उड़ती है, जिससे स्कूल जाते समय मेरे कपड़े गंदे हो जाते हैं। इतना ही नहीं, मैं खुद भी इस मार्ग पर गिर चुका हूं, जिससे मुझे चोट आई थी। प्रशासन से मेरी अपील है कि सड़क की मरम्मत कराई जाए और लाइट की व्यवस्था की जाए, ताकि स्कूली बच्चों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
