June 14, 2026

मतदाता सूची के अंतर को समाप्त करने की कार्यवाही करें-संभागीय प्रेक्षक ए.के. सिंह

1 min read
मतदाता सूची के अंतर को समाप्त करने की कार्यवाही करें-संभागीय प्रेक्षक ए.के. सिंह
Spread the love

सतना – राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त संभागीय प्रेक्षक श्री ए.के. सिंह (सेवानिवृत्त भा.प्र.से) की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचन नामावली वर्ष 2026 के तहत पंचायत तथा नगरपालिकाओं की मतदाता सूचियों में दर्ज मतदाताओं के अंतर के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रेक्षक श्री सिंह ने जिले की विधानसभा निर्वाचक नामावली तथा पंचायत एवं नगरपालिकाओं की प्रारूप मतदाता सूचियों के तुलनात्मक परीक्षण की समीक्षा करते हुए कहा कि दोनों सूचियों में पाए गए अंतर को प्राथमिकता के आधार पर समाप्त करने की कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि पंचायत एवं नगरपालिकाओं की मतदाता सूचियों में अधिक दर्ज मतदाताओं का गहन पुनरीक्षण एवं सत्यापन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सभी मतदाता सूचियां अद्यतन एवं त्रुटिरहित बन सकें।

सतना कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में संभागीय प्रेक्षक ने कहा कि ग्राम पंचायतों एवं नगर पालिकाओं में उपलब्ध मृत्यु प्रमाण-पत्रों के आधार पर मृतक मतदाताओं के नाम नियमानुसार मतदाता सूची से विलोपित किए जाएं। जिन मामलों में मृत्यु प्रमाण-पत्र उपलब्ध न हो, वहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिये समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण किया जाना आवश्यक है। एएसडीआर सूची सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के पास उपलब्ध है। इस सूची का पंचायत एवं नगरपालिका मतदाता सूचियों से मिलान कर दर्ज मतदाताओं का गहन सत्यापन कराया जाए तथा अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक एवं दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की पहचान कर उनके नाम नियमानुसार विलोपित किए जाएं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विकास सिंह, एसडीएम राहुल सिलाडिया, जितेंद्र वर्मा, सुमेश द्विवेदी, एलआर जांगड़े, सुभाष मिश्रा तथा निर्वाचन से जुड़े अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *