शहरी विकास को मिलेगी नई गति-प्रभारी मंत्री
1 min read
सतना – मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा सतना जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को सतना प्रवास के दौरान जैतवारा पहुंचकर 1 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से निर्मित नगर परिषद कार्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया। प्रभारी मंत्री श्री विजयवर्गीय ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नवीन नगर परिषद भवन से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी, साथ ही आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर और बेहतर तरीके से समाधान होगा। कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह, विधायक चित्रकूट सुरेंद्र सिंह गहरवार, नगर परिषद अध्यक्ष रेणु देवी डोहर, उपाध्यक्ष बृजेश पयासी, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पांडेय, नगर निगम के पूर्व स्पीकर अनिल जायसवाल, शंकर दयाल त्रिपाठी, प्रबल श्रीवास्तव, बालेंद्र गौतम, राजेश सिंह गहरवार, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, सीएमओ पंजाब सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री श्री विजयवर्गीय ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरी निकायों को सशक्त बनाने और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी स्थानीय निकाय के सशक्तीकरण और अर्बन बाडी पर विशेष ध्यान देकर इन संस्थाओं के लिए अलग से राशि भी दे रहे हैं। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री विजयवर्गीय ने कहा कि नगरीय विकास विभाग द्वारा प्रथम चरण में 5 हजार करोड रूपये का ऋण भी ले रहा है। इसके स्वीकृत हो जाने पर 1 करोड रूपये की राशि जैतवारा नगर पंचायत को दी जायेगी। उन्होंने कहा कि नगरीय संस्थायें अपने बलबूते गांव, नगर की नाली, सडक साफ नहीं रख सकती, बल्कि इसमें नागरिकों को अपनी भागीदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि नगरीय संस्थाओं में स्वच्छता के प्रोत्साहन के लिए प्रतिस्पर्धी पुरूस्कार योजना भी शुरू की है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस वर्ष को किसान वर्ष के रूप में मना रही है और किसानी के लिए सिंचाई का पानी बहुत महत्वपूर्ण होता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्राथमिकता है कि सिंचाई योजनाओं का जल अंतिम छोर तक पहुंचे। उन्होंने नव निर्मित नगर पंचायत भवन की गुणवत्ता की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस तरह का शानदार भवन नगर पंचायत को मिला है। उसी खूबसूरती के साथ इस भवन में बैठकर अधिकारी-कर्मचारी आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। प्रभारी मंत्री ने भवन के फर्नीचर के लिए 25 लाख रूपये और स्वीकृत करने की बात कही। उन्होंने कार्यक्रम में भजन गाने वाली बालिकाओं को पुरूस्कार स्वरूप 11 हजार रूपये की राशि भी प्रदान करने के कलेक्टर को निर्देश दिये।


सांसद श्री गणेश सिंह ने नगर पंचायत जैतवारा के शानदार कार्यालय भवन की उपलब्धि के लिए नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि चित्रकूट विकासखण्ड में पानी रोकने के सबसे ज्यादा कार्य हुए है। मगर भौगोलिक संरचना के कारण पानी आपूर्ति उतनी नहीं हो पाती। उन्होंने जैतवारा कुलकरिया मार्ग पर बायपास रिंग रोड जैतवारा को तहसील का दर्जा दिलाने, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का उन्नयन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के रूप में करने तथा जैतवारा कालेज के लिए पहंुच मार्ग बनाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि जैतवारा रामरज गेरू का क्षेत्र है। इसका व्यापार कम होता जा रहा है। यहां औद्योगिक क्षेत्र या पार्क की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संभावनाओं के इस क्षेत्र को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है। सांसद ने कहा कि रामपथ गमन की सतना से चित्रकूट की सडक का निर्माण हो जाने पर इस क्षेत्र में पर्यटन का विस्तार तेजी से होगा। इसके पहले क्षेत्रीय विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार ने जैतवारा क्षेत्र में मरचुरी की आवश्यकता, एम्बुलेंस, सामुदायिक भवन, दो चौराहों में हाई मास्ट लाइट लगाने तथा बिरसिंहपुर में स्टेडियम निर्माण का काम पूरा किये जाने की ओर प्रभारी मंत्री का ध्यान आकर्षित कराया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों की जमीनें महंगी हो रही है। सार्वजनिक निस्तार की जमीनों से अवैध अतिक्रमण हटाया जाना चाहिए।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश
