November 13, 2026

पंच तत्व में विलीन हुए बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार

1 min read
Spread the love

मुंबई- 9 मार्च की सुबह इतनी काली होगी किसी ने नहीं सोचा था। इस दिन को हिंदी सिनेमा में ब्लैक डे के नाम से याद किया जाएगा, क्योंकि इस दिन बॉलीवुड ने अपने दिग्गज कलाकार सतीश कौशिक को हमेशा के लिए खो दिया है। सतीश कौशिक का 66 साल की उम्र में निधन हो गया है। एक्टर की मौत की खबर सामने आते ही फिल्मी दुनिया में सन्नाटा छाया हुआ है। हर कोई उन्हें नम आंखों से याद कर रहा है।

मौत से एक दिन पहले खेली होली

सबसे शॉकिंग बात ये है कि मौत से एक दिन पहले तक वो बिल्कुल ठीक थे और सोशल मीडिया पर भी एक्टिव थे। 7 मार्च को उन्होंने मुंबई के जुहू में शबाना आजमी के घर होली पार्टी अटेंड की थी। यहां सतीश कौशिक ने अपने करीबियों संग धमाकेदार अंदाज में होली का जश्न मनाया था। उन्होंने होली सेलिब्रेशन की तस्वीरें एक दिन पहले ही अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर की थीं। सतीश कौशिक के होली सेलिब्रेशन में महिमा चौधरी, जावेद अख्तर, ऋचा चड्ढा और अली फजल दिखाई दिए थे। उन्होंने दोपहर तक पार्टी में खूब एन्जॉय किया और फिर उसके बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे।

होली पार्टी के बाद सतीश को क्या हुआ?

7 तारीख को मुंबई में होली का जश्न मनाने के बाद बीते दिन 8 मार्च को उन्होंने दिल्ली में अपने परिवार संग होली का धमाकेदार अंदाज में जश्न मनाया। लेकिन होली खेलने के बाद उन्हें बेचैनी महसूस हो रही थी, जिसके बाद उन्हें फोर्टिस हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टर्स ने उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उन्होंने देर रात में दम तोड़ दिया।

वायरल है आखिरी पोस्ट

होली की तस्वीरों में सतीश कौशिक काफी खुश नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे की मुस्कान देखकर लग नहीं रहा कि उन्हें कोई सेहत संबंधित परेशानी थी। होली की तस्वीरों में वो बिल्कुल ठीक दिखाई दे रहे हैं। हंसते-मुस्कुराते सतीश कौशिक को होली खेलता देखकर यकीन कर पाना बेहद मुश्किल है कि अब वो हमारे बीच नहीं रहे। अचानक उनका यूं चले जाना हर किसी के लिए बेहद शॉकिंग है।

सदमे में फैंस

अनुपम खेर का ट्वीट सामने आते ही हर तरफ सन्नाटा छा गया है। लोगों की आंखें नम हैं और दिल दुखी है। सतीश कौशिक एक ऐसे कलाकार थे, जिन्होंने अपनी एक्टिंग और कॉमेडी से लोगों के दिल जीत लिए थे। उनकी डायलॉग डिलीवरी और कॉमिक टाइमिंग के फैंस दीवाने थे। एक्टिंग के साथ सतीश कौशिक ने डायरेक्शन में भी काम किया।

सतीश कौशिक ने अपने करियर में कई फिल्में कीं। लेकिन मिस्टर इंडिया में कैलेंडर के किरदार से उन्हें खास पहचान मिली थी। इसके बाद उन्होंने 1997 में दीवाना मस्ताना में पप्पू पेजर का किरदार निभाया था। ये किरदार भी लोगों के दिल में बस गया था। फिल्म जाने भी दो यारों, कागज, स्वर्ग, जमाई राजा, साजन चले ससुराल, मिस्टर और मिसेज खिलाड़ी समेत कई फिल्मों में अपनी शानदार एक्टिंग से लोगों का दिल जीता था। सतीश कौशिक का जाना हर किसी के लिए दुखद है।

भारत विमर्श भोपाल म.प्र.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.