November 12, 2026

त्रैमासिक रिजल्ट के आधार पर अच्छा परफार्म करने वाले स्कूलों को प्रोत्साहित करें

1 min read
त्रैमासिक रिजल्ट के आधार पर अच्छा परफार्म करने वाले स्कूलों को प्रोत्साहित करें
Spread the love

कलेक्टर ने की जिला शिक्षा केन्द्र और शिक्षा विभाग की समीक्षा

सतना – कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि जिले में कमजोर रिजल्ट वाले हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी स्कूलों में रिजल्ट कम होने के कारणों का पता करें और कमियों में सुधार लाकर त्रैमासिक रिजल्ट के आधार पर उन्हें प्रोत्साहित करें। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर ने अधिकारियों की बैठक लेकर जिला शिक्षा केन्द्र और जिला शिक्षा कार्यालय के कार्यो की समीक्षा की। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत सपना त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर संदीप परस्ते, जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा, डीपीसी दिवाकर तिवारी, प्राचार्य डाइट विष्णु त्रिपाठी, सहायक संचालक शिक्षा गिरीश अग्निहोत्री, कार्यपालन यंत्री आरईएस लाजरूस केरकेट्टा, एसडीओ पीआईयू मंदाकिनी गुप्ता सहित बीईओ, बीआरसीसी भी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा केन्द्र के अंतर्गत कक्षा 5वीं और 8वीं के रिजल्ट की समीक्षा में कहा कि बेस्ट परफारमर रहे स्कूलों के प्राचार्यो को विभागीय रूप से प्रोत्साहित करें। कक्षा 5वीं और कक्षा 8वीं के नामांकन की तुलना में लगभग 3 हजार बच्चों की संख्या गिरावट के संबंध में कलेक्टर ने जानकारी ली। बताया गया कि कक्षा 5 के बाद संस्कृत विद्यालयों एवं एकलव्य विद्यालयों में बच्चों के प्रवेश लेने से मैपिंग से बाहर हो जाते है। कलेक्टर ने स्कूल मेंटर कम्पलीशन में कमजोर प्रगति होने पर नवम्बर माह के अंत तक शत-प्रतिशत पूर्ति करने के निर्देश भी दिये। साइकिल वितरण की जानकारी में बताया कि सोहावल ब्लाक में साइकिलों की संख्या अधिक है। जबकि रामपुर बघेलान और मझगवां में कम है। कलेक्टर ने स्थानीय स्तर पर अतिरिक्त साइकिलें इन दोनों ब्लाकों में भेजने के निर्देश दिये।
जिला शिक्षा केन्द्र के निर्माण कार्यो की जानकारी में बताया गया कि वर्ष 2025-26 में परिसम्पत्ति मरम्मत के 17 कार्य प्रगति पर है। स्कूलों में 157 बालिका शौचालय के कार्य पूर्ण कर लिये गये है। जिले में मझगवां विकासखण्ड के बटोही और पोखरवार भवन विहीन विद्यालयों में डीएमएफ मद से स्कूल भवन तैयार कर लिये गये है। जिले में 27 शालायें अभी भी भवन विहीन हैं जिनमें 14 स्कूलों में छात्र संख्या 10 से कम है। पीआईयू की एसडीओ मंदाकिनी गुप्ता ने बताया कि उचेहरा ब्लाक के श्यामनगर में छात्रावास का कार्य 30 नवम्बर तक पूर्ण कर लिया जायेगा।
जिला शिक्षा विभाग की समीक्षा में जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने बताया कि जिले में सीएम राइज स्कूलों में 52 बसें चल रही है। पेन्शन प्रकरण दिसम्बर 2026 तक सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के तैयार हो चुके है। अनुकम्पा नियुक्ति के लिए लंबित प्रकरणों में 19 में नियुक्ति दी गई है। अनुकम्पा नियुक्ति के 22 आवेदन नवीन प्राप्त हुए है। हायर सेकेण्डरी और हाईस्कूलों में 51 शालाओं में प्रयोगशाला भवन की आवश्यकता है।
त्रैमासिक परीक्षा परिणामों की जानकारी में डीईओ ने बताया कि सोहावल ब्लाक की डाटा इन्ट्री कम होने से परीक्षा परिणाम कम दर्शित हो रहा है। कलेक्टर ने कहा कि कमजोर परफारमेंस वाले स्कूलों में कारण पता करें और एकेडमिक सुधार लाकर रिजल्ट बेहतर करने के प्रयास करें। स्कूलों का उत्तीर्ण प्रतिशत और बच्चों के रिजल्ट की ग्रेडिंग बढाने के प्रयास किये जाये। डीईओ ने बताया कि रिजल्ट सुधार के लिए जिला शिक्षा कार्यालय से एक्सपर्ट शिक्षकों का शिक्षा कोर ग्रुप बनाया गया है। ग्रुप के शिक्षकों को स्कूलों में भेजकर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सकता है। वहीं स्कूल की कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय आने वाले बच्चों को शैक्षणिक सामग्री पेन, पेन्सिल बाक्स देकर प्रोत्साहित किया जा रहा है। एसडीओ, पीआईयू ने बताया कि जिले में 6 संदीपनि विद्यालयों के भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। जिले के 18 पीएमश्री स्कूलों में 680 लाख रूपये लागत के 47 कार्य चल रहे है।
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की जानकारी में प्रभारी अधिकारी प्राचार्य जयनारायण पाण्डेय ने बताया कि नवसाक्षरों की वर्ष में दो बार सितम्बर, मार्च में परीक्षा ली जाती है। सर्वे के दौरान 1 लाख 25 हजार असाक्षर पाये गये है। जिनके लिए 4542 साक्षर साथी का पंजीयन किया गया है। 24 अक्टूबर को ली गई परीक्षा में 30 हजार 107 नव साक्षर शामिल हुए। जिनमें से 19181 साक्षरों की रिजल्ट फीडिंग की गई है। रीवा संभाग के 6 जिलों में कमिश्नर रीवा के नवाचार के तहत नीट और जेईई परीक्षा की तैयारी के तहत आनलाइन कक्षायें प्रारंभ की गई है।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.