भाजपा सरकार ने झारखंड के किसानों को ठगा : संजय कुशवाहा
1 min read
झारखंड : संजय कुशवाहा रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के नयी दिल्ली आवास में आयोजित सादे समारोह में पार्टी से जुड़ गये. रालोसपा की सदस्यता ग्रहण करते हुए संजय कुशवाहा ने कहा कि झारखंड में रालोसपा को नयी रफ्तार मिलेगी और पार्टी पूरे प्रदेश खासकर दक्षिणी छोटानागपुर में काफी मजबूत होगी. इस मौके पर पार्टी के झारखंड प्रदेश की पूरी कमिटी मौजूद थी, जिसमे प्रदेश अध्यक्ष विजय महतो, प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता प्रताप कुमार कुशवाहा मौजूद थे. संजय कुशवाहा ने इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी को झारखंड में मजबूत बनाना और झारखंड के हर व्यक्ति तक पहुंचाना ही लक्ष्य है. उपेंद्र कुशवाहा ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा अब पार्टी नहीं, एक व्यक्ति विशेष की निजी संस्था हो गयी है. जनता के सरोकार से पार्टी को अब कोई मतलब नहीं रह गया.
भाजपा किसाना मोर्चा के प्रदेश संयोजक संजय कुशवाहा ने भाजपा का दामन छोड़ते हुए नयी दिल्ली में कहा कि झारखंड में किसानों की दशा लगातार दयनीय होती जा रही है. केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार रहने के बाद भी किसानों की आर्थिक दशा सुधारने के लिए भाजपा ने कोई सशक्त कदम नहीं उठाया है. राज्य के किसान कर्ज में डूबे हुए हैं. राज्य में किसानों की दशा दयनीय हो गयी है, किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं. किसानों की समस्या को हल करने का कोई काम सरकार ने नहीं किया. किसान को पांच हजार रुपये देने के नाम पर उनकी सारी जमीन का डिटेल निकालने का काम कर रही है और किसानों की भूमि सिर्फ कंपनियों को देने का काम कर रही है रघुवर सरकार. भाजपा सरकार ने झारखंड के किसानों को ठगा है. राज्य में किसानों की इस दशा को देखते हुए भाजपा में रहना संभव नहीं है.