May 19, 2024

पटनावासियों ने स्वैग से किया नववर्ष का स्वागत

1 min read
Spread the love


पटना : आज राजधानी पटना नववर्ष के स्वागत में पूरी तरह व्यस्त रहा। पटना के किसी भी सड़क, चौराहे, गली, बाजारों में पटनावासियों की धूम दिखाई पड़ती रही। पटनावासियों पर न्यू ईयर की मस्ती दिनभर छाई रही। सुबह से पार्कों में पिकनीक मनाने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। साल के पहले दिन पूरे परिवार के साथ लोग पटना की सैर पर निकले। पटना के सभी पार्कों में 1 जनवरी के लिए विशेष रूप से शुल्क निर्धारित किये गए थे। पटना के मुख्य-मुख्य पार्कों में एडवांस बुकिंग पहले ही की जा चुकी थी। किदवईपुरी पार्क, कुम्हरार पार्क, चिल्ड्रेन पार्क और ईको पार्क विशेष रूप से आर्कषण केंद्र बना रहा। पटना स्टेशन के पास बुद्दा स्मृति पार्क के बाहर और अंदर भी लोगों का तांता लगा रहा। सभी जगहां पर परिवारिक लोगों के साथ युवाओं और युवतियों की भीड़ बनी रही।

गांधी मैदान सबसे बड़ा पिकनिक स्पॉट बना हुआ था। गांधी मैदान में हर क्षेत्र और हर उम्र के लोग जुटे थे। सभी लोग छुट्टियां का आनंद ले रहे थे। गांधी मैदान क्षेत्र में गोल घर के पास भी लोगों की इतनी भीड़ थी कि सड़क जाम की समस्या बनी रही। गांधी मैदान के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में सभ्यता द्वार विशेष आर्कषण प्राप्त कर रहा था। सभ्यता द्वार के पास हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ इक्ट्ठा हुई। इसके लिए प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था भी की गई थी। गांधी मैदान में तीनों सिनेमा हॉल में भी सभी शो हाउसफुल चल रहे थे।

गंगा तट पर पर्यटकों की भीड़ भी आर्कषक लग रही थी। 2017 की दुर्घटना के बाद प्रशासन की मुस्तैदी बढ़ा दी जाती रही है। पिछले साल भी प्रशासन की व्यवस्था की गई थी। इस वर्ष भी प्रशासन की पूरी व्यवस्था देखने को मिल रही थी। वहीं पर्यटक भी बस गंगा घाट पर से ही हसीन वादियों का दीदार कर रहे थे। वहीं कुछ परिवार ऐसे भी थे जो गंगा पार जाकर पिकनिक मनाने की पूरी व्यवस्था करके आये थे। हालांकि प्रशासन की मुस्तैदी और कारणों को जानने के बाद उन्होंने भी उधर जाने से इरादा छोड़ किया। गांधी घाट पर पर्यटकों की भीड़ ज्यादा थी। वहीं क्लैक्ट्रिएट घाट पर नए साल की अच्छी खासी भीड़ दिखी। गांधी घाट पर पिकनिक मनाने आए राजेश सिन्हा ने कहा, हमें इस साल यहां आकर बेहद खुशी महसूस हो रही है। पिछले साल हमारा परिवार किदवईपूरी पार्क में नया साल मनाने गए था, लेकिन इस बार गंगा उस पार जाने का प्रोग्राम फिक्स था, लेकिन यहां आकर जाना कि उधर जाना बैन है। हालांकि बिहार टूरिज्म की ओर से नावों पर लोग सैर कर रहे हैं, लेकिन हमे जानकारी नहीं होने के कारण हम वह मिस कर गए, फिर भी यहां अच्छा लग रहा है।’

पटना का पूरा नजारा बदला नजर आ रहा था। पटना में सबसे अधिक युवाओं और युवतियों की भीड़ लोगों का मन लुभा रहे थे। बाइकर्स गैंग के साथ स्कूटी गैंग भी मस्ती करते दिखी। युवाओं की एक टोली ने पूरे पटना को हैप्पी न्यू ईयर कहा। वहीं युवतियों के गैंग ने कहा, ‘हम स्वैग से न्यू ईयर का स्वागत करना चाहते हैं, इसलिए आज हमारी हॉस्टल गैंग सड़कों पर निकली है।

नए साल के मौके पर पटना में सड़क जाम एक बार फिर लोगों के लिए चिंता का सबब बना। पटना का डाकबंगला चौराहा, स्टेशन रोड, हड़ताली मोड़, राजा बाजार, आशियाना, बोरिंग रोड चौराहा, राजापुल, गोलघर के सामने, अशोक राजपथ सभी मुख्य सड़कें जाम रही। हालांकि इस दौरान प्रशासन की मुस्तैदी बनी रही। प्रशासन की ओर से पुलिस की व्यवस्था की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.