December 13, 2025

राजस्थान में भाजपा की सरकार बनना तय है : अमित शाह

राजस्थान : भाजपा अध्यक्ष, अमित शाह ने आज बस्सी और कोटपुतली में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। अमित शाह चुनावी सभा में कांग्रेस पर जमकर बरसे। चुनावी मौसम में पूरे फार्म में नजर आ रहे अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के काम की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा की सरकार बनना तय है। वहीं अमित शाह ने बस्सी और कोटपुतली में कांग्रेस पार्टी को सीधे निशाने पर लिया।

अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के तारीफों के पूल बांधते हुए कहा कि, ‘कांग्रेस की चार पीढ़ियों के शासन के बाद भी भारत की 60 करोड़ जनता के खाते नहीं खोले गए थे, मगर गरीबों के बैंक खाते खोलने का काम मोदी सरकार ने किया है। जब से देश में मोदी जी प्रधानमंत्री बने हैं कांग्रेस अपना इतिहास देख ले उसे मालूम चल जायेगा कि उनकी सरकार बनेगी या नहीं बनेगी।’

भाजपा अध्यक्ष अपने संबोधन में कांग्रेस पर तल्ख तेवर अपनाए नजर आए। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी आज भारत के नक्शे पर दूरबीन से ढूंढ़ने वाली पार्टी हो गई है। हमारे लिए देश की सुरक्षा से बढ़कर मुद्दा नहीं है, लेकिन कांग्रेस को घुसपैठियों में अपना वोट बैंक दिखाई पड़ता है।

कोटपुतली में अमित शाह ने कहा, ‘राजस्थान में भाजपा की सरकार बनना तय है। पूरे राजस्थान की जनता एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने के लिए तैयार बैठी है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *