December 13, 2025

देशभर में आज मनाई जा रही दिवाली, पटाखे छोड़ने का समय है निर्धारित

1 min read

पटना : देशभर में आज हर्षोल्लास के साथ दिवाली मनाई जा रही है। पटना के बाजारों में दिवाली की धूम नजर आ रही है। बड़े-बड़े दुकानों से लेकर छोटे-छोटे ठेलों पर दिवाली के सामानों की बिक्री की जा रही है। शहर भर में घरों की सजावट, सड़कों की सफाई और जगमगाते दीपों से दिवाली का पर्व मनाया जा रहा है। रोशनी से जगमगाती इमारतें, फटाखों और दिवाली के सामानों से सजा बाजार दिवाली को और भी रौशन कर रहा है। आज शुभ लगन में लक्ष्मी पूजन किया जायेगा।

दिवाली है पांच दिनों का पर्व

दिवाली पांच दिनों का पर्व होता है जो धनतेरस से शुरू होता है और भाई दूज पर जाकर समाप्त होता है। धनतेरस के बाद नरक चतुर्दशी, अमावस्या, कार्तिक सुधा और यम द्वितीया यानि भाई दूज आता है। दिवाली का पर्व हिन्दु चन्द्र सौर कलेंडर के अनुसार निर्धारित होती है। दिवाली कार्तिक मास के अमावस्या के दिन पड़ने वाला पर्व है। इसलिए लोग इस दिन माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा करते हैं और दीप जलाते हैं। इस दिन घरों, सड़कों, को दीयों से सजाते हैं। घरों में रंगोली बनाते हैं, मिठाईयां और उपहारों का आदान-प्रदान किया जाता है। प्रचलित कथा के अनुसार इस दिन भगवान श्री राम 14 वर्षो के वनवास के बाद घर लौटे थे।

स्वाति नक्षत्र में शुभ मुहुर्त का योग

आज दिवाली पर्व का शुभ मुहुर्त पंचाग के अनुसार संध्या समय 6:30 से 8:30 मिनट तक का है। इस लगन में वृष लग्न और स्वाति नक्षत्र होगा। इसी शुभ मुहुर्त में लक्ष्मी-गणेश की पूजा की जायेगी। इस बार दिवाली आयुष्मान एवं सौभाग्य योग में मनाया जायेगा। इस बार 59 वर्षों बाद स्वाति नक्षत्र में पूजन विशेष फलदायी होगा। इस योग में माता लक्ष्मी की पूजा सुख, समृद्धि, धन-संपदा और सामर्थ्य में वृद्धि करने वाला होगा। लक्ष्मी पूजन स्थिर लग्न में करना शुभ माना गया है। इस समय पूजा करने से विशेष प्रकार की सुख-समृद्धि प्राप्त होगी।

डीएम ने शहरवासियों से की अपील

आज के दिन पटाखे जलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर से पूर्व में ही समय निर्धारित कर दिये गये हैं। पटाखे जलाने का समय शाम 8 बजे से रात 10 बजे तक रहेगा। पटना के डीएम रवि ने भी पटनावासियों से सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय की गई समयावधि के पालन की उम्मीद जतायी है। डीएम ने दीपावली की शुभकामना देते हुए कहा, ‘दिवाली दीपों का पर्व है। मिट्टी के दीये से दीप जलायें। उन्होंने शहरवासियों से परंपरागत और प्राकृतिक रूप से दिवाली मनाने का निवेदन किया। साथ ही शहर भर में प्रशासन की मुस्तैदी रहने की बात कही और सुप्रीम कोर्ट के आज्ञा का पालन करने की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *