March 13, 2025

आज पटना लाया गया भोला सिंह का शव, रविवार को होगा अंतिम संस्कार

1 min read
Spread the love
राजकीय सम्मान के साथ सिमरिया घाट पर होगा अंतिम संस्कार

पटना : दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में बेगूसराय सांसद भोला सिंह का शुक्रवार की देर शाम को निधन हो गया था। भोला सिंह कई दिनों से बीमार चल रहे थे, तीन दिन पहले ही उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज उनके शव को पटना लाया गया। पटना में उनके शव को भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि देने हेतु रखा गया। उनको आखिरी श्रद्धांजलि देने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहुंचे। उन्होंने भोला सिंह के निधन पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि, ‘भोला बाबू एक कद्दावर नेता के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने हमारे मंत्रिमंडल में भी काम किया था। उनकी कमी बेगूसराय के साथ-साथ पूरे बिहार को खलेगी।’ इससे पूर्व शुक्रवार की शाम को भोला सिंह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धांजलि दी थी। आज ही उनके शव को सम्मान के साथ बेगूसराय के लिए रवाना कर दिया गया।

भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

भाजपा कार्यालय में आज उनके शव को रखे जाने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उनके साथ बिहार सरकार के मंत्री नंद किशोर यादव, केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह, बिहार सरकार के भ्म संसाधन मंत्री विजय सिन्हा, डॉ सीपी ठाकुर, केंद्रय मंत्री रामकृपाल यादव आदि ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करके उनके निधन को एक बड़ी क्षति बताया।

भोला सिंह का सफल रहा राजनीतिक करियर

भोला सिंह 8 बार विधानसभा एवं 2 बार लोकसभा के सदस्य रहे थे। भोला सिंह संप्रग के साथ-साथ राजग के काल में भी मंत्री रहे थे। भोला सिंह की राजीतिक शुरूआत तो 1967 में निर्दलीय विधायक के रूप में हुई, लेकिन 1972 में वे भाकपा के उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव जीते। वर्ष 1976 में वे कांग्रेस में शामिल हो गए। वहां वे तीन विधानसभा चुनाव लगातार जीते। वर्ष 1990, 1995 में कांग्रेस के टिकट पर हार के बाद वे 1996 में राजद में चले गए। लेकिन 1999 में उन्होंने राजद को भी अलविदा कह दिया और भाजपा में शामिल हुए। अपनी मृत्यु तक वो भाजपा के सदस्य रहे। फिलहाल वो बेगूसराय से सांसद थे। अपने स्वास्थ्य कारणों से भोला सिंह ने आागामी लोकसभा में खड़ा न होने का फैसला लिया था। लेकिन अचानक तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

 

रविवार को होगा अंतिम संस्कार

भोला सिंह के निधन से उनके पैतृक गांव में शोक की लहर छाई है। उनकी मृत्यु को बेगूसराय के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। रविवार को राजकीय सम्मान के साथ उनका दाह संस्कार सिमरिया घाट पर किया जाएगा। उनके अंतिम संस्कार में भाजपा के कई नेता शामिल होंगे। बिहार के उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, बिहार भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, बिहार सरकार के मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह एवं अन्य भाजपा एवं क्षेत्रीय नेता शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *