November 4, 2026

दीपावली मेले में 6 से 10 नवंबर तक चित्रकूट में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

1 min read
दीपावली मेले में 6 से 10 नवंबर तक चित्रकूट में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
Spread the love


यातायात पुलिस ने जारी की पार्किंग एवं डायवर्जन व्यवस्था

चित्रकूट – धर्मनगरी चित्रकूट में 6 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले दीपावली अमावस्या मेले में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालुओं के स्नान एवं दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना है। मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस सतना द्वारा पार्किंग, डायवर्जन रूट, ड्रॉप गेट एवं यातायात मार्गों की विस्तृत व्यवस्था निर्धारित की गई है।
मेले के दौरान चित्रकूट में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए भारी एवं ट्रक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सतना से उत्तरप्रदेश जाने वाले भारी वाहनों को थाना कोठी अंतर्गत सोनौर चौराहा से सिंहपुर-कालिंजर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सतना से बांदा-कालिंजर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को थाना मझगवां अंतर्गत पिण्ड्रा तिराहा से पिण्ड्रा-बरौंधा-खोही मार्ग से निकाला जाएगा। वहीं सतना से मानिकपुर-इलाहाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहनों को मिचकुरिन मोड़ (नायरा पेट्रोल पंप) के पास से मारकुंडी-मानिकपुर होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। उत्तरप्रदेश की ओर से हनुमान धारा मार्ग पर आने वाले भारी वाहनों का आवागमन देवांगना घाटी पर उत्तरप्रदेश यातायात पुलिस के सहयोग से प्रतिबंधित रहेगा।
बसों की पार्किंग के लिए भगनपुर मोड़ बस पार्किंग में स्थानीय एवं चित्रकूट से नियमित संचालित होने वाली बसों को खड़ा किया जाएगा। सतना की ओर से आने वाली बसों के लिए मोकमगढ़ तिराहा स्थित अस्थायी बस स्टैंड निर्धारित किया गया है। इसके भरने के बाद ठोस अपशिष्ट मैदान एवं मिश्रा ढाबा के सामने स्थित पार्किंग का उपयोग किया जाएगा। सती अनुसुइया जाने वाली बसों के लिए सती अनुसुइया बस पार्किंग, गुप्त गोदावरी जाने वाली बसों के लिए चौबेपुर खेल मैदान तथा कर्वी-चित्रकूट की ओर से आने वाली बसों के लिए छीरपुरवा बस पार्किंग निर्धारित की गई है।
श्रद्धालुओं के दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए नौ स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें राव रिजॉर्ट के सामने, राव रिजॉर्ट के आगे बाईं ओर तथा एकलव्य स्कूल के सामने पार्किंग स्थल शामिल हैं। इन पार्किंग स्थलों के भरने के बाद वाहनों को क्रमशः आगे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर भेजा जाएगा। उत्तरप्रदेश की ओर से आने वाले वाहनों के लिए वन देवी के पहले आचार्य आश्रम तथा वन देवी पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। इसके अलावा सतना की ओर से आने वाले वाहनों के लिए रजोला बाईपास कृषि संकाय के पास एवं शांति धाम तिराहा पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पर्यटन स्थल सती अनुसुइया तथा गुप्त गोदावरी जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए भी अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि दीपावली मेले के दौरान निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा यातायात पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन एवं मार्ग व्यवस्था का पालन करें। इससे मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.