पिलीकोठी के पास मिट्टी के ढेर से लग रहा लंबा जाम
1 min read
अमावस्या से पहले सीएमओ अंकित सोनी को दी गई थी सूचना, अब तक नहीं हटाई गई खुदाई की मिट्टी
चित्रकूट – नगर परिषद चित्रकूट क्षेत्र के पिलीकोठी के पास सड़क किनारे पड़ी मिट्टी के ढेर के कारण लगातार जाम की स्थिति बन रही है। सड़क चौड़ीकरण के लिए की गई खुदाई के बाद मिट्टी का ढेर नहीं हटाए जाने से वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले तीर्थयात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, निर्माणाधीन नाली के कारण रास्ता और संकरा हो गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
सड़क चौड़ीकरण के कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा खुदाई की गई थी। इस दौरान जायसवाल के मकान के गिरने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद सड़क किनारे पड़ी खुदाई की मिट्टी को हटाने की कोशिश नहीं की गई।
जबकि अमावस्या मेले से पहले भारत विमर्श और स्थानीय लोगों द्वारा मुख्य नगर परिषद अधिकारी अंकित सोनी और सड़क ठेकेदार को इस समस्या की जानकारी देकर मिट्टी हटवाने की मांग की गई थी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका, सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि तीर्थयात्रियों को मिट्टी के ढेर और निर्माणाधीन नाली के बीच से निकलना पड़ रहा है।
चित्रकूट में अमावस्या सहित अन्य पर्वों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क पर मिट्टी का ढेर और संकरा रास्ता किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
अब सवाल यह है कि नगर परिषद और संबंधित ठेकेदार द्वारा समय रहते मिट्टी हटवाकर रास्ता सुरक्षित क्यों नहीं कराया गया है? या फिर ठेकेदार को मनमानी के लिए उच्चआलाधिकारीयों ने खुली छूट दे रखी हैं?
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
