18-19 आयु वर्ग के युवाओं और छूटे पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने विशेष अभियान
1 min read
सतना – विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के पूर्ण होने के बाद 18-19 आयु वर्ग के युवाओं तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सतना डॉ. सतीश कुमार एस ने सतना जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश के निर्देशों के अनुरूप अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के तहत बीएलओ वर्तमान मतदाता सूची की तुलना एसआईआर से पूर्व की मतदाता सूची से करेंगे और ऐसे मतदाताओं को चिन्हित करेंगे, जो पूर्व की सूची में शामिल थे, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं हैं। इसके बाद बीएलओ घर-घर जाकर चिन्हित मतदाताओं की वर्तमान स्थिति का सत्यापन करेंगे। पात्र पाए जाने वाले नागरिकों से फार्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा। बीएलओ को प्रत्येक सप्ताह कम से कम 30 से 35 मतदाताओं को कवर करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यह अभियान लगभग एक माह में पूरा किया जा सके। घर-घर भ्रमण के दौरान 18-19 आयु वर्ग के युवाओं एवं अन्य छूटे हुए पात्र मतदाताओं का भी पंजीयन किया जाएगा।
मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए को भी चिन्हित मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे आवश्यक सहयोग कर सकें। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड प्रभारी बीएलओ के साथ भ्रमण कर आवश्यक सहयोग करेंगे।
इसके अलावा विश्वविद्यालय, महाविद्यालय एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में विशेष कैंप आयोजित कर 18-19 आयु वर्ग के छूटे हुए विद्यार्थियों तथा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज किए जाएंगे। एसआईआर के दौरान तैयार एएसडीआर सूची का भी सत्यापन किया जाएगा और सत्यापन में पात्र पाए जाने वाले विलोपित मतदाताओं से फार्म-6 भरवाकर पुनः नामांकन की कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ को आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा में अभियान पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
