चित्रकूट में पेवर ब्लॉक निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल
1 min read
जिम्मेदार अधिकारियों की सह पर ठेकेदार की मनमानी
चित्रकूट – धर्मनगरी चित्रकूट में सड़क किनारे कराए जा रहे पेवर ब्लॉक निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप है कि कई स्थानों पर जमीन को समतल और उचित तरीके से तैयार किए बिना ही पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं। कुछ स्थानों पर नालियों के ऊपर भी ब्लॉक बिछाए जाने की बात सामने आई है।
मौके पर किए जा रहे निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्लॉक लगाने से पहले जमीन की पर्याप्त तैयारी और लेवलिंग नहीं की जा रही है। इससे बारिश के दौरान ब्लॉक के धंसने, टूटने अथवा सतह असमान होने की आशंका बनी रह सकती है। राहगीरों के लिए भी असमतल सतह परेशानी का कारण बन सकती है।
वहीं नालियों के ऊपर पेवर ब्लॉक लगाए जाने से भविष्य में नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों के पालन और इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
निर्माण कार्य के दौरान संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की नियमित निगरानी को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नगर परिषद और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर निर्माण की जांच करें तो कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट हो सकती है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की सह पर ठेकदार अपनी मनमानी करते हुए कार्य कर रहे हैं।
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
