चित्रकूट दीपावली मेले में व्यवस्थाओं की खुली पोल
1 min read
हनुमान धारा की पार्किंग में न शौचालयों में पानी, न पीने के पानी की सुविधा
चित्रकूट – भगवान राम की धर्मनगरी चित्रकूट में पांच दिवसीय दीपावली मेले में लाखों श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है। मेले को लेकर प्रशासन द्वारा बेहतर व्यवस्थाओं के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है।
पर्यटन स्थल हनुमान धारा स्थित वन देवी मंदिर के पास बनाई गई पार्किंग में सुबह से ही श्रद्धालु पानी के लिए भटकते नजर आए। यहां वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था तो कर दी गई, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी कर दी गई। पार्किंग स्थल पर शौच के लिए अस्थायी शौचालय तो रखवा दिए गए हैं, लेकिन उनमें पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। वहीं, श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी की सुविधा भी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
पार्किंग में मौजूद एक श्रद्धालु ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि शौचालय तो बना दिए गए हैं, लेकिन पानी नहीं होने के कारण उनका उपयोग करना मुश्किल है। पीने के लिए भी पानी नहीं मिल रहा है। ऐसे में दूर-दराज से आए यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सवाल यह है कि जब दीपावली मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना पहले से थी, तो पार्किंग स्थल पर पानी जैसी बुनियादी सुविधा की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? क्या जिम्मेदार अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण केवल कागजों तक ही सीमित रखा है? अब देखना होगा कि प्रशासन श्रद्धालुओं की इस समस्या पर कब तक ध्यान देता है।
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
