चित्रकूट दीपावली मेले का निरीक्षण करने पहुंचे आईजी और कमिश्नर
1 min read
भगवान कामतानाथ के किए दर्शन, महलन मंदिर में हस्तलिखित रामचरितमानस का किया अवलोकन
चित्रकूट – भगवान श्रीराम की तपोभूमि धर्मनगरी चित्रकूट में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय दीपावली मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने शुक्रवार को रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह एवं आईजी गौरव राजपूत चित्रकूट पहुंचे। इस दौरान सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह और आलाधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सर्वप्रथम भगवान कामतानाथ के दर्शन किए और कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा मार्ग स्थित महलन मंदिर पहुंचकर गोस्वामी तुलसीदास द्वारा हस्तलिखित रामचरितमानस का अवलोकन किया। इसके पश्चात अधिकारियों ने भरत घाट पहुंचकर मां मंदाकिनी की गंगा आरती में सहभागिता की।
इस दौरान कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने कहा कि दीपावली मेले में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से दीपदान कर सकें। साथ ही हनुमानधारा मार्ग में लाइट लगाने के निर्देश दिये ।
वहीं आईजी गौरव राजपूत ने कहा कि आज रात्रि 12 बजे से मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है, जो आगामी तीन दिनों तक बनी रहेगी। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक इंतजामों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार पिछले वर्षों की अपेक्षा व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है और पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ दीपावली मेले का सफल एवं सुरक्षित आयोजन संपन्न कराएगा।
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।
