September 21, 2026

विसर्जन स्थलों पर प्रकाश और सुरक्षा की चौक-चौबंद व्यवस्थायें करें-कलेक्टर

1 min read
विसर्जन स्थलों पर प्रकाश और सुरक्षा की चौक-चौबंद व्यवस्थायें करें-कलेक्टर
Spread the love

समय-सीमा प्रकरणों की बैठक संपन्न
सतना – कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित स्थलों पर प्रकाश और साफ-सफाई तथा सुरक्षा की चौक-चौबंद व्यवस्थायें कर ली जाये। इसके अलावा जिले के बाढ ग्रस्त इलाके की फसलों की क्षति का सर्वे कार्य शीघ्र पूर्ण कराये। सोमवार को समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर ने यह निर्देश दिये। इस मौके पर आयुक्त नगर निगम डॉ. नागार्जुन बी. गौडा, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, डिप्टी कलेक्टर संदीप परस्ते, जीतेन्द्र वर्मा सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने कहा कि बाढ प्रभावित क्षेत्रों में नुकसानी की स्वीकृत राहत राशि और 50 किलो ग्राम खाद्यान्न का वितरण संबंधितों को अगली टीएल तक हो जाना चाहिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय निकायों को मानसून के उपरांत की जाने वाली कार्यवाहियों को पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सुनिश्चित करें कि दूषित जल जन्य बीमारियां और मच्छर जनित बीमारियां नहीं फैले। इसके लिए रहवासी क्षेत्रों तथा स्कूल, कॉलेज और हास्टल में रहने वाले छात्रों के लिए विशेष प्रयास करें। लोगों में साफ स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने जागरूकता के कार्यक्रम और अपील की जाये। स्थानीय निकाय और स्वास्थ्य विभाग मच्छरों के लिए फागिंग और टेमोफास, लार्बीसाइट दवा का छिडकाव कराये। कलेक्टर ने कहा कि अगले शुक्रवार को रामपुर बघेलान विकासखण्ड में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान होगा। उन्होंने जिले में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर भी लगाने के निर्देश दिये।
श्री गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि एसडीएम और सीईओ अपने क्षेत्र के विसर्जन स्थलों का दौरा कर सभी सुरक्षात्मक उपाय पूरे कर लें। लोक निर्माण विभाग आवश्यकतानुसार बैरिकेटिंग लगाये। लोगों से अपील की जाये कि प्रतिमा विसर्जन के लिए इन्हीं निर्धारित स्थलों का उपयोग करें। इसके अलावा अन्य जल स्त्रोत यां स्थलों पर विसर्जन नहीं करें। उर्वरक वितरण की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने धान खरीदी की तैयारियों और पंजीयन के संबंध में जानकारी ली। प्रबंधक नान ने बताया कि गत वर्ष 4.5 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई थी। इस वर्ष 5 लाख मीट्रिक टन खरीदी का अनुमान है। कलेक्टर ने उपार्जित धान के भण्डारण की उपलब्ध क्षमता की जानकारी लेते हुए ओपेन कैंप के माध्यम से भण्डारण क्षमता और बढाने के निर्देश दिये।
स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा में एलडीएम गौतम शर्मा ने बताया कि कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए 20 का लक्ष्य है। जिसे लाटरी सिस्टम से पूर्ण कर लिया जायेगा। इसी प्रकार स्वरोजगार की सभी विभागों की योजनाओं में प्रगति बेहतर है। दिसम्बर माह तक सभी योजनाओं की वार्षिक लक्ष्यों की पूर्ति कर ली जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *