October 15, 2026

सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट की टीमें तीसरे दिन भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचा रहीं सात्विक भोजन, पेयजल एवं दवाइयां

1 min read
सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट की टीमें तीसरे दिन भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचा रहीं सात्विक भोजन, पेयजल एवं दवाइयां
Spread the love

रघुबीर मंदिर ट्रस्ट बड़ी गुफा द्वारा संतों एवं आश्रमों में राशन किट, कंबल एवं औषधियों का वितरण

चित्रकूट – भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट अंचल में मां मंदाकिनी के प्रचंड रूप धारण करने से आई बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। मंदाकिनी नदी के बढ़े जलस्तर और बाढ़ के पानी ने चित्रकूट के विभिन्न इलाकों में रहने वाले लोगों के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया। कई क्षेत्रों में घरों, दुकानों एवं अन्य परिसरों में पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अब जलस्तर कम होने के बाद भी बाढ़ की त्रासदी का असर अनेक इलाकों में स्पष्ट दिखाई दे रहा है। अनेक परिवारों के सामने भोजन, पेयजल, दवाइयों और आवश्यक वस्तुओं का संकट बना हुआ है।

ऐसे कठिन समय में परमहंस संत रणछोड़दास जी महाराज की पावन प्रेरणा से स्थापित श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए व्यापक राहत एवं सेवा अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। लगातार तीसरे दिन सद्गुरु परिवार के कार्यकर्ताओं द्वारा चित्रकूट अंचल के बाढ़ग्रस्त एवं प्रभावित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सात्विक भोजन, शुद्ध पेयजल एवं आवश्यक दवाइयों का वितरण किया जा रहा है।

तीन दिनों में 4000 से अधिक बाढ़ प्रभावितों तक पहुंची सहायता

सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट द्वारा चलाए जा रहे राहत अभियान के तहत अब तक तीन दिनों में 4000 से अधिक बाढ़ प्रभावित लोगों तक सात्विक भोजन एवं आवश्यक दवाइयां पहुंचाई जा चुकी हैं। राहत कार्य में जुटी टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जरूरतमंद परिवारों की आवश्यकताओं का जायजा ले रही हैं और प्राथमिकता के आधार पर उन्हें भोजन एवं चिकित्सा संबंधी सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

सद्गुरु परिवार की राहत टीमें प्रातःकाल से ही प्रभावित क्षेत्रों की ओर रवाना होकर जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने में जुटी हैं। कार्यकर्ता केवल मुख्य मार्गों एवं सुगम क्षेत्रों तक सीमित न रहकर अंदरूनी एवं अधिक प्रभावित इलाकों तक पहुंचकर लोगों की आवश्यकताओं का जायजा ले रहे हैं और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।

बाढ़ के कारण जिन परिवारों के घरों में चूल्हे तक नहीं जल पा रहे हैं, ऐसे परिवारों तक तैयार सात्विक भोजन पहुंचाने को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही लोगों को शुद्ध पेयजल एवं आवश्यकता के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। राहत दलों द्वारा लगातार विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी लेकर सेवा कार्य का विस्तार किया जा रहा है।

300 से अधिक मठ-मंदिरों एवं संतों तक पहुंची सेवा

बाढ़ की इस विपदा में चित्रकूट एवं आसपास के अंचल में निवासरत संतों, मठ-मंदिरों एवं विभिन्न आश्रमों की आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखते हुए श्री रघुबीर मंदिर ट्रस्ट, बड़ी गुफा द्वारा विशेष सेवा अभियान चलाया जा रहा है।

ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं द्वारा चित्रकूट एवं आसपास के क्षेत्रों में स्थित विभिन्न मठ-मंदिरों, आश्रमों एवं संतों तक स्वयं पहुंचकर राशन किट, आवश्यक दवाइयां एवं कंबल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अब तक 300 से अधिक मठ-मंदिरों एवं संतों तक राशन किट, दवाइयां एवं कंबल पहुंचाए जा चुके हैं।

कार्यकर्ताओं द्वारा प्रत्येक आश्रम एवं संत की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए राहत सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि बाढ़ से उत्पन्न कठिन परिस्थितियों में संत समाज एवं धार्मिक संस्थानों को भी आवश्यक सहयोग मिल सके।

जरूरतमंद परिवार तत्काल संपर्क करें

सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट एवं सद्गुरु परिवार की ओर से चलाए जा रहे राहत अभियान के संबंध में प्रबंध ट्रस्टी एवं निदेशक डॉ. ईलेश जैन तथा शिक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती उषा जैन ने चित्रकूट अंचल के समस्त नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी क्षेत्र में कोई परिवार अथवा व्यक्ति अभी भी राहत सहायता से वंचित है, तो वह तत्काल ट्रस्ट से संपर्क करे।

उन्होंने कहा कि सद्गुरु परिवार की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लगातार राहत सामग्री का वितरण कर रही हैं। इसके बावजूद यदि किसी जरूरतमंद को भोजन, दवाई, चिकित्सा, वस्त्र, राशन, शुद्ध पेयजल अथवा अन्य किसी आवश्यक सामग्री की आवश्यकता है, तो इसकी सूचना तत्काल ट्रस्ट को दी जाए, ताकि यथासंभव शीघ्र सहायता पहुंचाई जा सके।

उन्होंने कहा कि बाढ़ की इस त्रासदी में श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट जरूरतमंदों के साथ पूरी संवेदना और सेवा भावना के साथ खड़ा है। उपलब्ध संसाधनों के अनुसार हर संभव सहायता प्रभावित परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

सेवा और संवेदना की परंपरा को आगे बढ़ा रहा सद्गुरु परिवार

परमहंस संत रणछोड़दास जी महाराज द्वारा स्थापित सेवा परंपरा में मानव सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। इसी सेवा भावना से प्रेरित होकर सद्गुरु परिवार के कार्यकर्ता वर्तमान आपदा में दिन-रात राहत कार्य में जुटे हुए हैं।

मां मंदाकिनी की बाढ़ से प्रभावित चित्रकूट के विभिन्न इलाकों में जलस्तर भले ही कम होने लगा हो, लेकिन प्रभावित परिवारों के लिए संकट अभी समाप्त नहीं हुआ है। ऐसे समय में भोजन, पेयजल, चिकित्सा, राशन एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर उनके साथ खड़ा होना ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य है।

सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट एवं रघुबीर मंदिर ट्रस्ट बड़ी गुफा द्वारा चलाए जा रहे इन सेवा कार्यों के माध्यम से प्रयास किया जा रहा है कि चित्रकूट अंचल के किसी भी जरूरतमंद परिवार, संत, मठ-मंदिर अथवा आश्रम तक सहायता पहुंचने में कोई कमी न रहे। सेवा का यह अभियान आगे भी आवश्यकता के अनुसार निरंतर जारी रहेगा।

जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.