कस्तूरबा गांधी विद्यालय की बालिकाओं ने कलेक्टर को बांधी स्वनिर्मित राखी
1 min read
सैनिकों के लिए भी भेजीं राखियां
सतना – कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय श्यामनगर छात्रावास की बालिकाओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस की कलाई पर अपने हाथों से बनाई गई राखी बांधी। बालिकाओं ने देश की सरहद पर तैनात सेना के जवानों के लिए भी स्वनिर्मित राखियां भेजीं। इस अवसर पर सहायक परियोजना समन्वयक श्रीमती नीलम कुशवाहा, वार्डन श्रीमती चारुलेखा बढ़ोलिया सहित छात्रावास की बालिकाएं उपस्थित रहीं। बताया गया कि छात्रावास में पिछले दो वर्षों से बालिकाओं द्वारा वेस्ट मटेरियल और विभिन्न प्रकार के बीजों का उपयोग कर पर्यावरण हितैषी राखियां तैयार की जा रही हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी बालिकाओं ने आकर्षक एवं स्वनिर्मित राखियां तैयार कीं। उन्होंने कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस को राखी बांधने के साथ ही देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक भाइयों के लिए भी राखियां भेजकर रक्षाबंधन के पर्व को देशभक्ति और भाईचारे की भावना से जोड़ा।

छात्रावास की बालिकाएं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने अपने छात्रावास परिसर को पॉलीथिन मुक्त बनाया है। साथ ही वेस्ट मटेरियल से इको ब्रिक्स तैयार किए गए हैं, जिनका उपयोग छात्रावास परिसर की क्यारियों को सजाने में किया जा रहा है।
भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।
