September 30, 2026

सतना में हर्ष और उल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

1 min read
सतना में हर्ष और उल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
Spread the love

नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली

सतना – सतना जिले में देश की आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष और उल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित मुख्य समारोह में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने सफेद जिप्सी में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, परेड कमाण्डर पूनम रावत के साथ परेड का निरीक्षण किया। समारोह में जिला पुलिस बल एवं नगर सेना सहित एनसीसी की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट एवं हर्ष फायर किया। समारोह के प्रारंभ में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन किया गया। इसके बाद नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने मुख्य समारोह में राष्ट्रगान की धुन के बीच ध्वजारोहण किया।
समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वतंत्रता दिवस संदेश का लाइव प्रसारण भी देखा व सुना गया। इस मौके पर जिले के समग्र विकास को रेखांकित करती हुई जिला विकास पुस्तिका सतना जिले की विकास गाथा का भी वितरण किया गया। परेड में जिला पुलिस बल और होमगार्ड सहित एनसीसी सीनियर और जूनियर, स्काउट गाइड, पुलिस बैंड सहित कुल 13 प्लाटूनें शामिल रहीं। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर पूनम रावत ने किया। राज्यमंत्री ने प्लाटून कमांडरों से परिचय भी प्राप्त किया। सशस्त्र बल की टुकडी ने राष्ट्रगान की धुन पर तीन बार हर्ष फायर किया। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने परेड की सलामी ली। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने मुख्यमंत्री जी के संदेश के लाइव प्रसारण के बाद सतना जिले की आगामी विकास परियोजनाओं और जिले की उपलब्ध्यिों का उल्लेख करते हुए स्वतंतत्रा दिवस के बधाई संदेश का वाचन भी किया। राज्यमंत्री ने समारोह में उपस्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और कारगिल शहीदों तथा देहदानियों के परिजनों एवं लोकतंत्र सेनानियों का शॉल-श्रीफल से सम्मान किया। उन्होंने शांति और समृद्धि के प्रतीक गुब्बारे भी आकाश में विचरण के लिए छोड़े।
समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पूर्ण आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये। इनमें महारानी लक्ष्मी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सतना की छात्राओं, लवडेल हायर सेकेण्डरी स्कूल और सेंट माइकर सीनियर सेकेण्डरी स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति पूर्ण लोकगीत और नृत्य के माध्यम से सजीव प्रस्तुतिकरण किया। कार्यक्रम के दौरान समारोह में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं एवं सुरक्षा बलों को पुरुस्कृत भी किया गया। इनमें परेड आर्म्ड वर्ग में जिला पुलिस महिला संवर्ग सतना को प्रथम, जिला पुलिस बल पुरूष वर्ग सतना को द्वितीय, विशेष सशस्त्र बल 14वीं वाहिनी सतना को तृतीय पुरूस्कार दिया गया। अनआर्म्स वर्ग में शासकीय पीजी कॉलेज सतना प्रथम, एकेएस यूनिवर्सिटी एनसीसी पुरूष को द्वितीय और एकेएस यूनिवसिर्टी महिला को तृतीय पुरुस्कार दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति के लिये पहला पुरुस्कार शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को प्रथम, लवडेल हायर सेकेण्डरी स्कूल को द्वितीय और सेंट माइकल सीनियर सेकेण्डरी स्कूल को तृतीय पुरूस्कार दिया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने विभिन्न विभागों की योजनाओं, कार्यक्रमों में बेहतर कर्तव्य निर्वहन के लिये विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और पुलिस अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र से पुरुस्कृत किया। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर उपलब्ध्यिां हासिल करने वाले जिले के नागरिक हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी परीक्षा में प्रदेश की मेरिट में स्थान दर्ज कराने वाले छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

इस मौके पर सांसद गणेश सिंह, महापौर योगेश ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुस्मिता सिंह, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, विंध्य चेम्बर आफ कामर्स के अध्यक्ष सतीश सुखेजा, पूर्व महापौर ममता पाण्डेय, विमला पाण्डेय, पूर्व स्पीकर सुधीर सिंह तोमर, बालेन्द्र गौतम, रामदास मिश्रा, पूर्व विधायक ऊषा चौधरी, डीएफओ मयंक चांदीवाल, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम राहुल सिलाडिया, एलआर जांगडे, सीएसपी देवेन्द्र प्रताप सिंह सहित गणमान्य नागरिक, स्थानीय प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी तथा पत्रकारगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी डॉ. गौरव शर्मा ने किया।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved Powered By Fox Tech Solution | Newsphere by AF themes.