August 14, 2026

समाधान में कमिश्नर ने 4 शिकायतें सुनी

1 min read
समाधान में कमिश्नर ने 4 शिकायतें सुनी
Spread the love

जनजातीय विभाग के लेखापाल को निलंबित करने के निर्देश

सतना – मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कमिश्नर रीवा संभाग शीलेन्द्र सिंह ने लंबित सीएम हेल्पलाइन से 4 शिकायतों का चयन कर समाधान कार्यक्रम में चारों आवेदकों को समक्ष में सुना और अधिकारियों से की गई निराकरण की जानकारी ली। पहली शिकायत में रामायण कुशवाहा ने बताया कि उनका सब्जी का व्यापार है। उन्होंने कन्या शिक्षा परिसर को सब्जियों की आपूर्ति की है। जिसका वर्ष 2024-25 का देयक 1 लाख 32 हजार रूपये डेढ साल से भुगतान के लिए लंबित रहा। शिकायत के बाद देयक में कटौती कर 1 लाख 4 हजार का भुगतान किया गया है। कमिश्नर ने विभाग के अधिकारी से देयक लम्बे समय तक लंबित रहने का कारण पूंछा और देयक को लंबित रखने के दोषी कर्मचारी लेखापाल आशुतोष मिश्रा को निलंबित करने के निर्देश दिये।
समधान की दूसरी शिकायत में राजकुमार साकेत ने बताया कि नगर निगम सतना द्वारा अवैध कॉलोनी बताकर उनके भवन निर्माण की मंजूरी और नक्शा पास नहीं किया गया। जबकि अन्य लोगों के उसी कॉलोनी में भवन निर्माण मंजूरी के बाद हुए है। कमिश्नर ने पूरे प्रकरण की जांच कर दोषी पाये जाने पर इंजीनियर एस कुमार मिश्रा और भवन अनुज्ञा अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। खाद्य विभाग की अंकित कुमार की मई-जून का खाद्यान्न नहीं मिलने की शिकायत में जिला खाद्य अधिकारी सम्यक जैन ने बताया कि पिछले दो माह का खाद्यान्न हितग्राही द्वारा 20 जुलाई को मांगा गया है। पिछले माह का खाद्यान्न दिये जाने का प्रावधान नहीं है। हितग्राही ने बताया कि वह उन्हीं माह में खाद्यान्न लेने गये थे। लेकिन सर्वर नहीं चलने से लौटा दिया गया। कमिश्नर रीवा ने इस पर जिला आपूर्ति अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार नगर निगम सतना के अंतर्गत अनुकंपा नियक्ति के मामले में संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा रीवा को परीक्षण कर प्रतिवेदन देने के निर्देश कमिश्नर ने दिये।
कमिश्नर रीवा संभाग श्री सिंह ने शिविर के दौरान सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों से उनके यहां लंबित सीएम हेल्पलाइन की शिकायत निराकरण की स्थिति जनसुनवाई में आवेदकों की शिकायतों पर की गई कार्यवाही और जनसंवाद के दौरान निर्धारित बिन्दुओं के आधार पर विभागीय गतिविधियों की विभाग प्रमुख अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर जानकारी ली। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने जिले में निर्माणाधीन बडे प्रोजेक्ट, सतना-पन्ना रेल लाइन, सतना-रीवा रेल लाइन दोहरीकरण, चित्रकूट के समग्र विकास, सतना-मैहर और सतना-चित्रकूट के निर्माणाधीन और प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण की बरगी नहर प्रोजेक्ट, दौरी सागर बांध सहित अन्य परियोजनाओं की प्रगति में कमिश्नर को अवगत कराया।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *