September 23, 2026

सतना जिले में 31 अगस्त तक होगा अगस्त-सितम्बर के एकमुश्त राशन का वितरण

1 min read
सतना जिले में 31 अगस्त तक होगा अगस्त-सितम्बर के एकमुश्त राशन का वितरण
Spread the love

कलेक्टर सतना ने जारी किये निर्देश

सतना – राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिले के पात्र हितग्राहियों को माह अगस्त एवं सितम्बर 2026 की राशन सामग्री एकमुश्त वितरित की जाएगी। कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार दोनों माह का खाद्यान्न 31 अगस्त 2026 तक सभी हितग्राहियों को उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जायेगा।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय भोपाल के निर्देशों के अनुक्रम में यह व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत अगस्त एवं सितम्बर माह के खाद्यान्न का शत-प्रतिशत उठाव 15 अगस्त 2026 तक पूर्ण कर उचित मूल्य दुकानों पर भंडारण सुनिश्चित किया जाएगा। जिला प्रबंधक सिविल सप्लाईज कॉर्पाेरेशन एवं वेयरहाउसिंग लॉजिस्टिक कॉर्पाेरेशन को उठाव एवं भंडारण की कार्यवाही समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। हितग्राहियों को एक माह की पात्रता के अनुसार राशन दिया जाएगा, जिसमें अंत्योदय अन्न योजना के तहत 35 किलोग्राम प्रति परिवार तथा प्राथमिकता श्रेणी के तहत 5 किलोग्राम प्रति सदस्य खाद्यान्न प्रदान किया जाएगा। साथ ही सभी पात्र परिवारों को 1 किलोग्राम नमक भी दिया जाएगा। दोनों माह का राशन एक साथ वितरित किया जाएगा। राशन वितरण केवल पीओएस मशीन के माध्यम से किया जाएगा। हितग्राहियों को दो माह का राशन प्राप्त करने के लिए दो बार बायोमेट्रिक सत्यापन (अंगूठा लगाना) अनिवार्य होगा। ऑफलाइन दुकानों पर भी समग्र परिवार आईडी के माध्यम से वितरण किया जाएगा। वितरण पंजी के आधार पर राशन देना मान्य नहीं होगा तथा प्रत्येक हितग्राही को पीओएस मशीन से जारी पावती प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के तहत अनुबंधित परिवहनकर्ताओं के माध्यम से अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था कर समय-सीमा में राशन दुकानों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। परिवहन कार्यों की जीपीएस के माध्यम से निगरानी की जाएगी तथा दुकानों पर राशन पहुंचने के बाद पीओएस पावती अनिवार्य रूप से प्राप्त की जाएगी। उचित मूल्य दुकानों पर खाद्यान्न का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य, सहकारिता एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा दुकानों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा तथा भंडारित सामग्री का रैंडम सत्यापन कराया जाएगा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। वितरण प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत इस विशेष व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी पात्र हितग्राहियों तक जानकारी पहुंचे और वे समय पर राशन प्राप्त कर सकें। जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों को भी इस संबंध में अवगत कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। कलेक्टर सतना ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में इस कार्यवाही को समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से सुनिश्चित करें।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *