माँ मंदाकिनी की निर्मलता के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक- पद्मश्री मोहन नागर
1 min read
चित्रकूट – नगर पंचायत चित्रकूट में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद सतना द्वारा स्वैच्छिकता पर्व के अंतर्गत स्वैच्छिक संवाद एवं उत्कृष्ट कार्यकर्ता सम्मान समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) पद्मश्री मोहन नागर रहे। इस अवसर पर जन अभियान परिषद से जुड़ी नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों, परामर्शदाताओं, प्रस्फुटन समितियों, सीएमसीएलडीपी के छात्रों और प्रबुद्ध नागरिकों की उपस्थिति रही।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पद्मश्री मोहन नागर ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही आगे चलकर बड़े और युग-परिवर्तकारी परिणामों का आधार बनते हैं। उन्होंने अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख के पावन सानिध्य में उन्होंने गांवों में पदयात्राएं कीं। जन-जन के बीच जाकर उनकी व्यावहारिक समस्याओं को समझा और ग्रामीणों के साथ बैठकर ही समाधान के रास्ते तलाशे। उन्होंने जल संरक्षण और पर्यावरण के क्षेत्र में अपनाए गए मॉडल को रेखांकित करते हुए कहा कि जल संवर्धन मॉडल पहले घर का पानी घर में फिर खेत का पानी खेत में और अंततः गांव का पानी गांव में रोकने का संकल्प सिद्ध किया। कैच द रैन अभियान क्षेत्र की 75 पहाड़ियों पर कंटूर ट्रेंच विधि से वर्षा जल का संचयन कर जलस्तर को बढ़ाया। पर्यावरण एवं नदी संरक्षण वृक्षारोपण और नदी के घाटों की स्वच्छता के साथ-साथ आदिवासी बहुल क्षेत्रों में सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने का दीर्घकालिक कार्य किया। इन्हीं सामूहिक जन-प्रयासों का सुखद परिणाम है कि उन्हें श्पद्मश्रीश् सम्मान से विभूषित होने का गौरव प्राप्त हुआ। संभाग समन्वयक प्रवीण पाठक ने कहा कि पद्मश्री मोहन नागर का सम्मान करना पूरे परिषद परिवार के लिए गर्व का विषय है। उनके कुशल मार्गदर्शन में जन अभियान परिषद सामाजिक जागरूकता और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में नित नए आयाम स्थापित कर रही है। सीएमसीएलडीपी के निदेशक अमरजीत सिंह ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजीएस) को हासिल करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में जन अभियान परिषद का योगदान ऐतिहासिक है। समारोह की अध्यक्ष एवं चित्रकूट नगर पंचायत अध्यक्ष साधना पटेल ने विश्वास दिलाया कि नगर पंचायत जन अभियान परिषद के लोक-कल्याणकारी और सामाजिक कार्यों में हर संभव सहयोग और सहभागिता प्रदान करेगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि पद्मश्री मोहन नागर का शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ, माला और पारंपरिक साफा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। समाज सेवा और ग्राम विकास में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों राम प्रकाश त्रिपाठी, राजेश त्रिपाठी, सोना बाई सिंह, आर.एन. त्रिपाठी एवं बृजेंद्र सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जावेद मोहम्मद विशेष संवाददाता भारत विमर्श चित्रकूट मध्य प्रदेश ।
