August 5, 2026

कलेक्टर ने किया मझगवां एवं चित्रकूट क्षेत्र का निरीक्षण

1 min read
कलेक्टर ने किया मझगवां एवं चित्रकूट क्षेत्र का निरीक्षण
Spread the love

सतना – कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बुधवार को मझगवां एवं चित्रकूट क्षेत्र का भ्रमण कर शासकीय कार्यालयों तथा विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने तथा आमजन की सुविधाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान कलेक्टर सबसे पहले मझगवां पहुंचे, जहां उन्होंने एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय एवं लोक सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में अभिलेखों के संधारण, कार्यप्रणाली एवं नागरिक सेवाओं की स्थिति का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत तहसील परिसर स्थित शासकीय आवासीय कॉलोनी का निरीक्षण कर भवनों की मरम्मत एवं आवश्यक रख-रखाव कार्य शीघ्र कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके बाद कलेक्टर चित्रकूट पहुंचे, जहां उन्होंने चित्रकूट विकास के तहत पर्यटन विभाग द्वारा बनाये जा रहे परिक्रमा पथ तथा स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत मंदाकिनी घाटों पर संचालित निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मोहकमगढ़ तिराहे से चित्रा (उत्तरप्रदेश सीमा) तक मुख्य मार्ग का भी जायजा लिया। सड़क पर लगाए जा रहे डिवाइडरों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिवाइडरों का निर्माण एवं स्थापना व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके। इस अवसर पर एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, तहसीलदार मर्याद सिंह बागरी, नायब तहसीलदार बरौंधा डॉ. सुदामा प्रसाद कोल, सीएमओ चित्रकूट अंकित सोनी, पर्यटन विभाग के सहायक यंत्री अंकित तिवारी, विद्युत विभाग के अधिकारी तथा नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

भारत विमर्श सतना मध्य प्रदेश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *