August 5, 2026

सृजन संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को कानून, अधिकार एवं सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

1 min read
सृजन संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को कानून, अधिकार एवं सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
Spread the love

सतना – पुलिस अधीक्षक सतना श्री हंसराज सिंह के आदेशानुसार मध्यप्रदेश पुलिस एवं स्कूल शिक्षा विभाग के समन्वय तथा UNFPA के तकनीकी सहयोग से संचालित “सृजन संवाद” कार्यक्रम के अंतर्गत आज शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-01, सतना में एक दिवसीय जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों में भारतीय संविधान, विधिक अधिकार, उत्तरदायी नागरिकता, बाल अधिकार, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा एवं नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूकता विकसित करना तथा पुलिस एवं विद्यार्थियों के मध्य संवाद एवं विश्वास को मजबूत करना है।
कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सतना श्री गौरव पाण्डेय के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनों एवं सुरक्षा संबंधी विषयों की जानकारी पुलिस अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं व्यावहारिक तरीके से प्रदान की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सतना श्री गौरव पाण्डेय द्वारा विद्यार्थियों को कानून एवं जिम्मेदारी, सुरक्षित व्यवहार तथा उत्तरदायी नागरिकता के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
थाना प्रभारी महिला थाना सतना श्रीमती श्वेता मौर्या द्वारा पाक्सो एक्ट एवं महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों तथा बालिकाओं की सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई।
सूबेदार श्रीमती रामादेवी राय द्वारा यातायात सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया गया तथा यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता बताई गई।
साइबर शाखा सतना से प्रधान आरक्षक श्री विपेन्द्र मिश्रा द्वारा साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उन्हें अपने अधिकारों के साथ-साथ कानून एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या, अपराध अथवा असुरक्षित स्थिति का सामना होने पर वे बिना भय के पुलिस एवं संबंधित हेल्पलाइन की सहायता ले सकते हैं।
सृजन संवाद की चरणबद्ध कार्ययोजना
“सृजन संवाद” कार्यक्रम प्रदेश में चरणबद्ध रूप से संचालित किया जा रहा है। प्रथम चरण में जिला मुख्यालय स्तर पर चयनित विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि द्वितीय चरण में सब-डिवीजन/तहसील मुख्यालय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को अधिकार, संविधान एवं कानून की नींव, कानून एवं नागरिक जिम्मेदारी, बाल अधिकार, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं अन्य महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता प्रदान की जा रही है।


साथ ही, योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को थाना भ्रमण एवं डायल-112 की कार्यप्रणाली का अवलोकन कराकर पुलिस की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा। 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों द्वारा थानों के भ्रमण सहित विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सतना श्री गौरव पाण्डेय द्वारा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें जागरूक, जिम्मेदार एवं कानून का पालन करने वाला नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री हंसराज सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में सतना पुलिस द्वारा “सृजन संवाद” के माध्यम से विद्यार्थियों और पुलिस के बीच संवाद को मजबूत करते हुए सुरक्षित, जागरूक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

भारत विमर्श सतना मध्य।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *